Urban Naxals in the crosshairs: निशाने पर दिमागी नक्सली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर साल दीपावली की खुशियां सेना के जवानों के बीच जाकर बांटते रहे हैं। ऐसा करने वाले वे न सिर्फ भारत के एकमात्र प्रधानमंत्री हैं बल्कि दुनिया के भी संभवत: इकलौते राष्ट्र प्रमुख हैं। इस बार पीएम मोदी ने अपनी दीपावली छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल बस्तर में नक्सलियों का सफाया करने वाले केन्द्रीय सुरक्षा बल के जवानों के बीच पहुंच कर मनाई। पीएम मोदी दीपावली के दिन बस्तर पहुंचे और जगदलपुर के निकट स्थित करनपुर के कोबरा बटालियन कैम्प में जाकर केन्द्रीय सुरक्षा बल के जवानों से पूरी आत्मीयता से मिले।
उन्हें अपने हाथों से मिठाई खिलाई। उनके साहस की सराहना की और नक्सली आतंक के खात्मे के लिए उनके पराक्रम की प्रशंसा करते हुए उनकी हौसला अफजाई की। जवानों ने भी देशभक्ति के गीत गाकर उनका स्वागत किया। दीपावली पर अपने घर परिवार से दूर रहकर अपना फर्ज निभाने वाले जवान अचानक प्रधानमंत्री को अपने बीच पाकर भावविभोर हो गए।
पीएम मोदी के दीपावली पर बस्तर आने का कार्यक्रम अचानक तो नहीं बना था लेकिन इसका प्रचार नहीं किया गया। पीएम मोदी ने जवानों को संबोधित करते हुए उनके योगदान को रेखांकित करते हुए ठीक ही कहा है कि जिस देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती है उस देश का बाहरी दुश्मन बाल भी बांका नहीं कर पाते। नक्सली लंबे समय से प्रदेश और देश के लिए नासूर बने हुए थे जिसका डबल इंजन सरकार ने तय समय सीमा के भीतर निदान कर दिया।
सैकड़ो जवानों ने अपनी कुर्बानी दी। जिनका लहू आखिरकार रंग लाया और हमारे जवानों ने उनके खून के एक एक कतरे का हिसाब लेकर नक्सलियों को जड़ मूल से खत्म कर दिया। केन्द्रीय सुरक्षा बल के इन वीर जवानों के शौर्य को सलाम करने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दीपावली के दिन उनके बीच पहुंचना वाकई सुखद आश्चर्य में डालने वाली एक ऐतिहासिक और अविस्मरणीय घटना है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान एक बार फिर दिमागी नक्सलियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हथियारबंद नक्सलियों का तो सफाया हो गया है लेकिन दिमागी नक्सलियों से निपटने की चुनौती सामने है। ऐसे दिमागी नक्सलियों की पहचान करनी होगी और उन्हें अलग थलग करना होगा।
ये दिमागी नक्सली (‘Urban Naxals’ in the crosshairs) हर जगह घुसपैठ कर चुके हैं। यहां तक कि कुछ राजनीतिक पार्टियों में भी घुस गए हैं। जो देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं लेकिन सरकार उनके नापाक इरादों को कामयाब नहीं होने देगी। पीएम मोदी ने किसी राजनीतिक पार्टी का नाम नहीं लिया था लेकिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इसे कांग्रेस पर की गई टिप्पणी मान लिया और तत्काल कड़ी प्रतिक्रिया दी कि प्रधानमंत्री उनकी पार्टी को नक्सली बता रहे हैं। इसके साथ ही राहुल गांधी ने एक बार फिर पीएम मोदी को बहस की चुनौती दे दी।
गौरतलब है कि पिछले स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान लालकिले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने पहली बार दिमागी नक्सलियों का जिक्र किया था और देशवासियों से इन दिमागी नक्सलियों से सावधान रहने की अपील की थी। तभी से दिमागी नक्सलियों में छटपटाहट देखी जा रही है। कांग्रेस नेता पी चिदंबरम से लेकर अभिनेता नसीरुद्दीन शाह तक कई लोग गर्व से खुद को दिमागी नक्सली बता भी चुके हैं।
बस्तर में नक्सली कमांडर हिड़मा के मुठभेड़ में मारे जाने पर जेएनयू में मातम मनाने और हर घर से हिड़मा निकलेगा का नारा लगाने वामपंथी छात्र संगठन से जुड़ी नेहा वोरा , उमर खालिद आदि दिमागी नक्सली नहीं तो और क्या हैं? ऐसे खतरनाक दिमागी नक्सलियों की पहचान कर उनका ईलाज करना निहायत जरूरी है। पीएम मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने जिस तरह नक्सलियों को नेस्तनाबूत किया है उसी तरह इन देशद्रोही दिमागी नक्सलियों (‘Urban Naxals’ in the crosshairs) का दिमाग भी वह जल्द ठिकाने लगाने में सफल होगी ऐसी उम्मीद की जानी चाहिए।



