The Rampage of the Elephant: कबरा कान हाथी का कहर जारी, एक और ग्रामीण को पटक-पटक कर मार डाला

समधी के घर से लौटते समय कंदरई बाजार के पास हुआ सामना
पिछले 8 दिनों में 5 लोगों की ले चुका है जान; इलाके में दहशत का माहौल
नीलांचल गौड़
अम्बिकापुर/जयनगर/भटगांव/नवप्रदेश। सूरजपुर जिले में कबरा कान वाले हाथी का आतंक (The Rampage of the Elephant) थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार की रात हाथी ने एक और बुजुर्ग ग्रामीण को अपना शिकार बना लिया। जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कंदरई बाजार के पास हाथी ने 66 वर्षीय ग्रामीण को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैरों तले कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक अपने समधी के घर से वापस लौट रहा था, इसी दौरान उसका सामना हाथी से हो गया। लगातार हो रही मौतों से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरजपुर (The Rampage of the Elephant) जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंदरई के तुरीपतरा निवासी विशुन राम (66 वर्ष) सोमवार की रात अपने समधी के घर गया हुआ था। रात में वह वहां से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कंदरई बाजार के पास अचानक उसका सामना कबरा कान वाले हाथी से हो गया। इससे पहले कि बुजुर्ग कुछ समझ पाता, हाथी ने उस पर हमला कर दिया। हाथी ने पहले उसे अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैरों से कुचल दिया। हमले में विशुन राम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना (The Rampage of the Elephant) की जानकारी सुबह परिजनों और ग्रामीणों को हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए आगे की प्रक्रिया पूरी की। बताया जा रहा है कि सोमवार को कबरा हाथी कुमदा इलाके में देखा गया था। इसके बाद रात में वह कंदरई बाजार के आसपास पहुंच गया और बुजुर्ग को अपना शिकार बना लिया।
आठ दिनों में पांच ग्रामीणों की मौत
कबरा कान वाले हाथी (The Rampage of the Elephant) के हमलों में पिछले आठ दिनों के भीतर पांच ग्रामीणों की जान जा चुकी है। दिवाली की रात भी हाथी ने प्रतापपुर क्षेत्र के सकलपुर और श्यामनगर में दो ग्रामीणों को मार डाला था। इनमें कृष्णा राजवाड़े और खेत की रखवाली कर रहे मटूलाला शामिल थे। इससे पहले 2 नवंबर को सूरजपुर जिले के अखोरा और कल्याणपुर-अखोरा मार्ग के फुलझर नाला के पास हाथी के हमले में दो ग्रामीणों की मौत हुई थी।
इन घटनाओं में मानदेव यादव खेत में घास काटने के दौरान हाथी का शिकार हो गए थे। वहीं, बलरामपुर निवासी प्यून विश्वनाथ अपने साथी के साथ बाइक से लौट रहे थे, तभी हाथी ने उन पर हमला कर दिया था। इस दौरान उनका साथी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
अब तक 15 ग्रामीणों की ले चुका है जान
बताया जा रहा है कि कबरा कान वाला हाथी अब तक 15 ग्रामीणों की जान ले चुका है। लगातार हो रहे हमलों ने वन विभाग के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। विभागीय टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है और आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील कर रही है। इसके बावजूद हाथी के अचानक आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास पहुंचने से हादसे रुक नहीं पा रहे हैं।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है कि आखिर कबरा हाथी के आतंक से उन्हें कब राहत मिलेगी। लगातार हो रही जनहानि के कारण क्षेत्र के लोग दहशत में हैं और हाथी की आवाजाही वाले इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग कर रहे हैं।



