चर्लपल्ली-बरौनी के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, रायपुर-बिलासपुर सहित चार स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
रायपुर। दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा चर्लपल्ली-बरौनी-चर्लपल्ली के बीच एक-एक फेरे के लिए पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। इस ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को कंफर्म बर्थ के साथ यात्रा की अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
गाड़ी संख्या 07561 चर्लपल्ली-बरौनी पूजा स्पेशल 13 नवंबर 2026 को चर्लपल्ली से रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 07562 बरौनी-चर्लपल्ली पूजा स्पेशल 15 नवंबर 2026 को बरौनी से प्रस्थान करेगी।
इस ट्रेन का वाणिज्यिक ठहराव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के गोंदिया, दुर्ग, रायपुर एवं बिलासपुर स्टेशनों पर भी दिया गया है, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
चर्लपल्ली-बरौनी ट्रेन का समय
गाड़ी संख्या 07561 चर्लपल्ली-बरौनी पूजा स्पेशल 13 नवंबर शुक्रवार को चर्लपल्ली से दोपहर 14:00 बजे रवाना होगी। अगले दिन शनिवार को यह ट्रेन गोंदिया में 00:03 बजे पहुंचेगी और 00:05 बजे रवाना होगी। दुर्ग में 02:18 बजे पहुंचकर 02:20 बजे प्रस्थान करेगी। रायपुर में 03:05 बजे आगमन और 03:10 बजे प्रस्थान होगा। इसके बाद बिलासपुर में 05:00 बजे पहुंचकर 05:05 बजे रवाना होगी। विभिन्न मध्यवर्ती स्टेशनों से होते हुए ट्रेन तीसरे दिन रविवार को 02:15 बजे बरौनी पहुंचेगी।
बरौनी-चर्लपल्ली ट्रेन का समय
गाड़ी संख्या 07562 बरौनी-चर्लपल्ली पूजा स्पेशल 15 नवंबर रविवार को बरौनी से सुबह 03:00 बजे रवाना होगी। अगले दिन सोमवार को बिलासपुर में 01:30 बजे आगमन और 01:35 बजे प्रस्थान होगा। रायपुर में 03:15 बजे पहुंचकर 03:20 बजे रवाना होगी। दुर्ग में 04:08 बजे आगमन और 04:10 बजे प्रस्थान होगा। गोंदिया में 06:28 बजे पहुंचकर 06:30 बजे रवाना होगी। इसके बाद निर्धारित मार्ग से होते हुए ट्रेन 19:00 बजे चर्लपल्ली पहुंचेगी।
21 अमृत भारत कोच की रहेगी सुविधा
इस पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 02 एसएलआरडी, 08 स्लीपर तथा 11 सामान्य श्रेणी के कोच शामिल रहेंगे। इससे त्योहारों के दौरान अधिक से अधिक यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।
इन स्टेशनों पर भी होगा ठहराव
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में काजीपेट, पेद्दापल्ली, रामागुंडम, मंचिर्याल, सिरपुर कागजनगर, बल्लारशाह, चांदाफोर्ट, वडसा, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, झारसुगुड़ा, राउरकेला, नुआगांव, हटिया, रांची, मुरी, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, कतरासगढ़, धनबाद, बराकर, चितरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा एवं किउल स्टेशनों पर रुकेगी।



