छत्तीसगढ़

मामूली बात पर खूनी हमला! चंगोराभाठा में युवक को चाकू मारने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के चंगोराभाठा इलाके में मामूली विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के श्रीराम नगर में हुई इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों और विधि से संघर्षरत चार बालकों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और इलेक्ट्रिक ऑटो भी जब्त किया है।

ऑटो की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार श्रीराम नगर, चंगोराभाठा निवासी सतीश यादव ने डी.डी. नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 नवंबर 2026 की रात करीब 11:50 बजे वह श्रीराम नगर रोड पर खड़ा था। इसी दौरान एक इलेक्ट्रिक ऑटो चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गया।

ऑटो में झंडा चौक निवासी मयंक ठाकुर सहित अन्य लोग सवार थे। सतीश ने ऑटो चालक को वाहन सावधानी से चलाने की बात कही। इसी बात को लेकर ऑटो में बैठे सभी लोग नीचे उतर आए और उसके साथ विवाद करने लगे।

गाली-गलौच के बाद चाकू से किया हमला

शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने पहले अश्लील गाली-गलौच की और फिर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने अपने पास रखे नुकीले धारदार हथियार से सतीश पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना की रिपोर्ट पर डी.डी. नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 704/26 के तहत बीएनएस की धारा 296, 109(1), 190, 191(2), 191(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया।

0 एंटी क्राइम यूनिट और डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने अधीनस्थ अधिकारियों को आरोपियों की तत्काल पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। प्रार्थी से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी लेकर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।

पुलिस ने इस मामले में मयंक ठाकुर, लक्ष्य निर्मलकर उर्फ आदि और विधि से संघर्षरत चार बालकों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया।

0 चाकू और इलेक्ट्रिक ऑटो जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक चाकू और इलेक्ट्रिक ऑटो क्रमांक CG 04 QK 7490 जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मयंक ठाकुर पिता दीनू ठाकुर, उम्र 19 वर्ष और लक्ष्य निर्मलकर उर्फ आदि पिता संतोष निर्मलकर, उम्र 18 वर्ष 6 माह शामिल हैं। इनके साथ चार नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।

0 पहले भी जेल जा चुका है मुख्य आरोपी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मयंक ठाकुर पूर्व में भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल निरुद्ध रह चुका है। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

Related Articles

Back to top button