छत्तीसगढ़

एनआईटी रायपुर में 88.76 करोड़ से बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, युवाओं के स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर. छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एनआईटी रायपुर में 88 करोड़ 76 लाख रुपए की लागत से श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को संस्थान परिसर में इसकी आधारशिला रखी। इस केंद्र में सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं विकसित की जाएंगी, जहां विद्यार्थियों को नए तकनीकी प्रयोग, अनुसंधान और स्टार्टअप शुरू करने के लिए सुविधाएं मिलेंगी।

इस परियोजना में मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन की ओर से 71 करोड़ रुपए से अधिक का योगदान दिया जा रहा है। प्रख्यात उद्यमी रामदेव अग्रवाल ने अपनी माता श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल की स्मृति में इस केंद्र की स्थापना का संकल्प लिया है।

रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा

शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और सामर्थ्य की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें आधुनिक संसाधन, सही अवसर और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। सरकार ऐसा वातावरण तैयार कर रही है, जिससे युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए दूसरे महानगरों की ओर नहीं जाना पड़े। वे प्रदेश में ही नए आविष्कार करें, उद्योग स्थापित करें और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करें।

उन्होंने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस केवल एक भवन नहीं, बल्कि प्रदेश की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को पूरा करने का माध्यम बनेगा। यहां विद्यार्थियों को अपने विचारों पर अनुसंधान करने, तकनीकी समाधान विकसित करने, प्रोटोटाइप तैयार करने और उन्हें व्यावसायिक स्वरूप देने की सुविधा मिलेगी।

विद्यार्थियों के नवाचारों का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान एनआईटी के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए तकनीकी मॉडल और स्टार्टअप का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने एआई आधारित कचरा प्रबंधन, दवाइयों की होम डिलीवरी, औद्योगिक उपकरणों और धातुओं में खराबी की पहचान तथा हेलमेट के माध्यम से सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने से जुड़े नवाचार प्रस्तुत किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उससे आम लोगों का जीवन बेहतर और सुविधाजनक बने। युवाओं को अपने नवाचारों को केवल शैक्षणिक परियोजनाओं तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें सफल स्टार्टअप और उद्यमों में बदलने का प्रयास करना चाहिए। राज्य सरकार इसमें हरसंभव सहयोग करेगी।

स्टार्टअप और एआई मिशन के लिए 500-500 करोड़

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इसके माध्यम से युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए मार्गदर्शन, पूंजी और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र और नई तकनीकी प्रयोगशालाएं स्थापित करने की पहल भी की जा रही है।

इसी तरह मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए भी 500 करोड़ रुपए के निवेश का निर्णय लिया गया है। इसके तहत 100 एआई डेटा लैब और पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर से खुलेंगे नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब खनिज संपदा और पारंपरिक उद्योगों के साथ उभरती तकनीकों के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रहा है। प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकाइयों की स्थापना और एआई डेटा सेंटर पार्क विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है। एनआईटी रायपुर, आईआईटी भिलाई, आईआईएम रायपुर और आईआईआईटी जैसे संस्थानों की शैक्षणिक एवं अनुसंधान क्षमता को उद्योगों से जोड़कर नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।

सात प्रयोगशालाओं में होगी अत्याधुनिक तकनीकों की पढ़ाई

एनआईटी परिसर में लगभग 6,525 वर्गमीटर भूखंड पर बनने वाले इस केंद्र का कुल निर्मित क्षेत्रफल करीब 12,307 वर्गमीटर होगा। बेसमेंट, भूतल और छह मंजिलों वाले भवन में सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी।

इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, डेटा एनालिटिक्स एवं कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन एवं साइबर सुरक्षा, थ्री-डी प्रिंटिंग एवं एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, एआर-वीआर एवं इंटरनेट ऑफ थिंग्स तथा क्लीनटेक एवं सस्टेनेबिलिटी शामिल हैं।

केंद्र में स्टार्टअप इन्क्यूबेशन, को-वर्किंग स्पेस, स्मार्ट क्लासरूम, कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रदर्शनी क्षेत्र और एम्फीथिएटर भी बनाए जाएंगे। नवोदित उद्यमियों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, प्रोटोटाइप तैयार करने और निवेशकों तथा बैंकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक और आईटीआई के विद्यार्थी भी यहां प्रशिक्षण एवं कौशल विकास का लाभ उठा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए रामदेव अग्रवाल, मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन और एनआईटी रायपुर प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Back to top button