देश

रोहतक में आधी रात भीषण गैंगवार, ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग में चार युवकों की हत्या

रोहतक। हरियाणा के रोहतक में आधी रात को गैंगवार की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खरावड़ स्थित मिलन होटल (ढाबे) में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में चार युवकों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात के पीछे बाबा और हिमांशु भाऊ गैंग के बीच आपसी टकराव की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब एक बजे की है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक खाना खाने के लिए मिलन होटल पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद बदमाशों के बीच विवाद के बाद गोलियां चलने लगीं। फायरिंग इतनी भीषण थी कि चार युवकों को गोली लग गई और उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

तीन मृतक डिघल और एक बेरी गांव का

पुलिस के अनुसार, मृतकों में तीन युवक डिघल गांव के और एक युवक बेरी का रहने वाला था। मृतकों की पहचान रिंकू पुत्र जगबीर, विनीत पुत्र जयबीर, गंजू निवासी डिघल और हिमांशु पुत्र राजबीर निवासी बेरी के रूप में हुई है।

पुलिस ने कहा- जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी

डीएसपी रोहतक ऋषिकांत ने बताया कि रात के समय कुछ व्यक्ति ढाबे पर खाना खाने आए थे। इसी दौरान उन पर फायरिंग की गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, घटना में चार लोगों की मौत हुई है और कोई अन्य घायल नहीं है।

गोहाना में भी हुई थी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या

हरियाणा में गैंगवार और आपराधिक घटनाओं का सिलसिला लगातार चर्चा में है। इससे पहले 13 नवंबर को गोहाना में प्रॉपर्टी डीलर विजेंद्र उर्फ नन्हा पहलवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह अपने कार्यालय के बाहर कार में बैठ रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन पर 14 से 15 राउंड गोलियां चलाई थीं। बाद में रोहित गोदारा गैंग के वीरेंद्र चारण ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। अब रोहतक में चार युवकों की हत्या की वारदात ने हरियाणा में गैंगवार को लेकर फिर चिंता बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button