छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं हमारे कंटेंट क्रिएटर्स : मुख्यमंत्री साय

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं। वे अपनी रचनात्मकता और कैमरे के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, खान-पान, लोककला, पर्यटन और छत्तीसगढ़ी भाषा को देश-दुनिया में नई पहचान दिला रहे हैं। सोशल मीडिया की ताकत का उपयोग प्रदेश की सकारात्मक तस्वीर सामने लाने और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने में किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री बुधवार को राजधानी के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने युवा कंटेंट क्रिएटर्स के साथ पॉडकास्ट शैली में संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। कार्यक्रम में जनता की सार्वजनिक वोटिंग के आधार पर पसंदीदा क्रिएटर्स का चयन किया गया। कुल 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा और लाइफस्टाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय डिजिटल योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया।

पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर साझा किया

युवाओं से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। पढ़ाई के साथ पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाते हुए वे सार्वजनिक जीवन में आए। गांव के लोगों ने पहले पंच और फिर सरपंच चुना। इसके बाद जनता के आशीर्वाद से विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक का सफर तय किया।

किसानों से 3100 रुपये में खरीदा जा रहा धान

खेती-किसानी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे किसान परिवार से आते हैं और खेती की चुनौतियों को करीब से समझते हैं। किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर सरकार योजनाएं संचालित कर रही है।

नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता

नक्सलवाद से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2026 छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और जवानों के साहस से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है। बस्तर की कई पीढ़ियों ने हिंसा का दर्द झेला है, लेकिन अब वहां शांति और विश्वास का वातावरण बन रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर का हर बच्चा बिना डर के स्कूल जाए और हर युवा को आगे बढ़ने का अवसर मिले।

34 लाख लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच

मुख्यमंत्री ने बस्तर में संचालित विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। वहीं, बस्तर मुन्ने अभियान के माध्यम से प्रशासन गांवों तक पहुंचकर राशन कार्ड, आधार कार्ड और जॉब कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।

युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के अलावा उद्योग, आईटी, पर्यटन, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र में रोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश और रोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। युवाओं के कौशल विकास के लिए प्रयास आवासीय विद्यालय और विभिन्न जिलों में निशुल्क कोचिंग की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रदेश में 38 नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा बस्तर में जगारगुंडा और ओरछा में एजुकेशन सिटी तथा गीदम में मेडिकल कॉलेज जैसी पहल की जा रही है।

क्रिएटर्स की एक रील बदल सकती है किसी परिवार की जिंदगी

मुख्यमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स से बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों को डिजिटल माध्यमों से प्रचारित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के उत्पादों को ऑनलाइन बाजार तक पहुंचाने में भी क्रिएटर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उनकी एक रील किसी महिला के छोटे व्यवसाय को नई पहचान दिलाकर उसके परिवार की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने और मोबाइल-इंटरनेट का उपयोग अपनी प्रतिभा निखारने के लिए करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग हमें करना चाहिए, न कि तकनीक हमें नियंत्रित करे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और युवा क्रिएटर्स के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।

Related Articles

Back to top button