छत्तीसगढ़

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दो साल में जोड़े 858 अतिरिक्त कोच, प्रतीक्षा सूची के यात्रियों को मिली राहत

रायपुर. ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती संख्या और प्रतीक्षा सूची की समस्या को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने पिछले दो वर्षों में 858 अतिरिक्त कोच लगाए हैं। इनमें 61 कोच स्थायी और 797 कोच अस्थायी रूप से जोड़े गए हैं। रेलवे की इस व्यवस्था से बिना नई ट्रेन चलाए मौजूदा गाड़ियों में यात्रियों के लिए अतिरिक्त सीट और बर्थ उपलब्ध कराने में मदद मिली है।

रेलवे के अनुसार कोचों की संख्या बढ़ाने का निर्णय यात्रियों की मांग, आरक्षण की स्थिति और प्रतीक्षा सूची का विश्लेषण करने के बाद लिया जाता है। जिस ट्रेन में किसी विशेष श्रेणी में लगातार प्रतीक्षा सूची अधिक रहती है, उसमें उसी श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाए जाते हैं।

त्योहारों में अस्थायी कोचों से राहत

रेलवे दो तरह से कोचों की संख्या बढ़ाता है। अस्थायी व्यवस्था के तहत त्योहारों, छुट्टियों, परीक्षाओं और व्यस्त मौसम में अधिक भीड़ वाली चुनिंदा तारीखों पर अतिरिक्त कोच लगाए जाते हैं। मांग सामान्य होने पर उन्हें हटा लिया जाता है। वहीं किसी ट्रेन में लंबे समय तक यात्रियों की संख्या अधिक रहने पर स्थायी रूप से कोच बढ़ाए जाते हैं।

वित्तीय वर्ष में 341 कोच जोड़े

वर्ष 2025-26 में रेलवे ने 26 कोच स्थायी और 491 कोच अस्थायी रूप से लगाए थे। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में 1 अप्रैल से 15 नवंबर 2026 तक 35 कोच स्थायी और 306 कोच अस्थायी रूप से जोड़े गए हैं।

स्थायी रूप से जोड़े गए 35 कोचों में 28 डेमू, चार मेमू और तीन मेल-एक्सप्रेस श्रेणी के कोच शामिल हैं। इस तरह दो वर्षों में कुल 858 अतिरिक्त कोच लगाए गए।

बिलासपुर, रायपुर और नागपुर के यात्रियों को लाभ

डेमू और मेमू ट्रेनों में स्थायी रूप से बढ़ाए गए कोचों का लाभ बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों के दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, कामगारों और छोटे व्यापारियों को मिल रहा है। वहीं त्योहारों और छुट्टियों के दौरान अस्थायी कोच लगाए जाने से प्रतीक्षा सूची के यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलने में मदद मिली है।

रेलवे के अनुसार प्रत्येक ट्रेन में कोचों की संख्या प्लेटफॉर्म की लंबाई, इंजन की क्षमता, पिट लाइन और अन्य परिचालन संबंधी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तय की जाती है। स्वीकृत अधिकतम संरचना से अधिक कोच नहीं लगाए जा सकते। ऐसी स्थिति में अतिरिक्त विशेष ट्रेनें चलाने जैसे विकल्पों पर विचार किया जाता है।

यात्रियों से ट्रेनों की संरचना और आरक्षण संबंधी जानकारी के लिए एनटीईएस या 139 का उपयोग करने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button