छत्तीसगढ़

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर घर में घुसकर महिला से मारपीट, डायल 112 की गाड़ी में भी तोड़फोड़

बिलासपुर. शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने पड़ोसी महिला के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम को भी आरोपी ने नहीं बख्शा। वह कुल्हाड़ी लेकर पुलिसकर्मियों को दौड़ाने लगा और सरकारी वाहन के शीशे तोड़ दिए। सरकंडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक घटना 24 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे ग्राम नगोई मेन रोड स्कूल चौक की है। यहां रहने वाली नेहा महेश्वरी अपने घर पर थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला निखिल महेश्वरी उर्फ समीर महेश्वरी (28) शराब पीने के लिए पैसे मांगने पहुंचा। महिला द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी जबरन घर में घुस गया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की। इसके बाद घर में रखे फावड़े से दरवाजे में तोड़फोड़ की और महिला को मारने के लिए दौड़ाया।

कुल्हाड़ी लेकर पुलिस वाहन पर किया हमला

घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 वाहन क्रमांक सीजी 03 ए 2462 में तैनात आरक्षक मनीराम साहू और चालक पालेश्वर नायक मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी विवाद शांत कराने और आरोपी को समझाइश देने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी घर के अंदर गया और कुल्हाड़ी लेकर बाहर आ गया।

उसने पुलिसकर्मियों को अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और उन्हें दौड़ाया। इसके बाद कुल्हाड़ी से डायल 112 वाहन के सामने और बाईं ओर के कांच पर हमला कर उन्हें तोड़ दिया।

दो अलग-अलग अपराध दर्ज

महिला की रिपोर्ट पर सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1718/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 333, 119(1), 296, 115(2), 351(3) और 324(4) के तहत कार्रवाई की गई। वहीं डायल 112 के आरक्षक मनीराम साहू की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 1719/2026 दर्ज किया गया। इसमें बीएनएस की धारा 221, 132, 296, 351(3) और लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल व नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल फावड़ा और कुल्हाड़ी जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ कई अन्य मामले दर्ज हैं। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button