पंचायत चुनाव में हार के बाद भाजपा हाईकमान एक्शन मोड में, राजस्थान के बड़े नेताओं को दिल्ली बुलाया

जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनाव के दौरान जिला प्रमुखों के चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार के बाद पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व एक्शन मोड में आ गया है। कांग्रेस के मुकाबले कमजोर प्रदर्शन को गंभीरता से लेते हुए भाजपा हाईकमान ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली तलब किया। यहां राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने प्रदेश के नेताओं के साथ बैठक कर चुनाव परिणामों की समीक्षा की और हार के कारणों पर चर्चा की।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार और प्रदेश के चारों महामंत्री शामिल हुए। बैठक में चुनाव प्रबंधन, संगठन की रणनीति और स्थानीय स्तर पर पार्टी के प्रदर्शन को लेकर मंथन किया गया। पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद केंद्रीय नेतृत्व की इस सक्रियता को प्रदेश संगठन के लिए अहम माना जा रहा है।
37 में से 24 जिला प्रमुख कांग्रेस के
राजस्थान में 37 जिला प्रमुखों के चुनाव में कांग्रेस ने 24 सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा को बड़ा झटका दिया है। भाजपा केवल 10 जिलों में ही जिला प्रमुख का पद हासिल कर सकी। वहीं अन्य दलों ने भी कुछ जिलों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। नतीजों ने प्रदेश में भाजपा की चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्रॉस वोटिंग से चूरू और ब्यावर में उलटफेर
जिला प्रमुख चुनाव में चूरू और ब्यावर के नतीजे भी चर्चा में रहे। चूरू में कांग्रेस पार्षदों की क्रॉस वोटिंग का फायदा भाजपा को मिला। यहां भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। वहीं ब्यावर में क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस प्रत्याशी जीत हासिल करने में सफल रही।
आदिवासी क्षेत्रों में बीएपी, नागौर में आरएलपी का दबदबा
चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के अलावा अन्य दलों ने भी अपनी ताकत दिखाई। आदिवासी बहुल क्षेत्रों के दो जिलों में भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने जीत दर्ज की। वहीं हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) नागौर में अपना दबदबा कायम रखने में सफल रही।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने चुनाव परिणामों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार ने तीन साल में कोई काम नहीं किया, इसलिए जनता ने भाजपा को नकार दिया। दूसरी ओर भाजपा नेतृत्व अब संगठनात्मक कमजोरियों की पहचान कर आगे की चुनावी रणनीति तैयार करने में जुट गया है।



