देश

India Nepal Relations: नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे: पीएम मोदी

15 हजार करोड़ की मदद दी, बालेन बोले- भारत से रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत

नई दिल्ली (ए.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नेपाल के साथ रिश्तों (India Nepal Relations) को और मजबूत करने के लिए 15 हजार करोड़ भारतीय रुपए की मदद का ऐलान किया। बालेन शाह के भारत के पहले द्विपक्षीय दौरे को दोनों देशों की गहरी दोस्ती का प्रतीक बताते हुए मोदी ने साझा इतिहास, संस्कृति और आस्था का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि भगवान राम और माता सीता भारत-नेपाल की साझा सभ्यता के प्रतीक हैं। 2018 में जनकपुर यात्रा को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।

वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई देने की बात कही। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल हैं। दोनों देशों के लोग एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।

भारत-नेपाल के बीच 200 किमी का चक्कर खत्म

भारत और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों के लोगों को अब करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह ने दिल्ली से बटन दबाकर काली नदी पर बने छारछुम अंतरराष्ट्रीय मैत्री मोटर पुल का वर्चुअल उद्घाटन किया। यह पुल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला को नेपाल के दार्चुला से जोड़ेगा। इससे दोनों देशों के सीमावर्ती इलाकों के लोगों की आवाजाही आसान होगी। अब तक लोगों को एक-दूसरे के यहां जाने के लिए करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ता था।

मोदी-बालेन शाह ने सरयू कमला एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने हरी झंडी दिखाकर सरयू कमला एक्सप्रेस को रवाना किया। इससे पहले दोनों नेताओं ने भारत और नेपाल के बीच सड़क, रेल और बिजली से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कुछ नई परियोजनाओं की शुरुआत के लिए नींव रखी।

Related Articles

Back to top button