छत्तीसगढ़

प्रदेशभर में आज मनाया जाएगा संविधान दिवस, सुबह 11 बजे होगा उद्देशिका का सामूहिक वाचन

रायपुर. भारतीय संविधान के महत्व और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 26 नवंबर को प्रदेशभर में संविधान दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, नगरीय निकायों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह के आयोजन के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।

भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार 26 नवंबर को सुबह 11 बजे जिला, विकासखंड, तहसील और ग्राम स्तर पर भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया जाएगा। इसमें नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

23 भाषाओं में ऑनलाइन वाचन की सुविधा

नागरिकों और विद्यार्थियों को माई गव पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उद्देशिका वाचन में भी भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। यह सुविधा 22 अनुसूचित भाषाओं और अंग्रेजी सहित कुल 23 भाषाओं में उपलब्ध है।

माई गव पोर्टल पर संविधान प्रश्नोत्तरी

युवाओं और विद्यार्थियों के लिए 18 से 26 नवंबर तक माई गव पोर्टल पर संविधान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसके अलावा 24 से 26 नवंबर तक होने वाले विकसित भारत युवा संवाद में जिला युवा अधिकारियों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

स्कूलों और कॉलेजों में निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, संगोष्ठी, परिचर्चा, पोस्टर और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

कलेक्टरों को जारी किए निर्देश

संस्कृति विभाग के सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय के लिए जिला स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। कार्यक्रमों, प्रतिभागियों की संख्या और गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन फोटोग्राफ सहित विभाग को भेजना होगा।

इस संबंध में जानकारी संस्कृति विभाग के नोडल अधिकारी युगल तिवारी से मोबाइल नंबर 94063-98080 पर प्राप्त की जा सकती है।

Related Articles

Back to top button