रायपुर साहित्य उत्सव-2027 के लिए आठ सदस्यीय सलाहकार समिति गठित

रायपुर. रायपुर साहित्य उत्सव-2027 के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य शासन के जनसंपर्क विभाग ने आयोजन को प्रभावी और व्यापक स्वरूप देने के लिए आठ सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन किया है। साहित्य उत्सव का आयोजन 8 से 10 जनवरी 2027 तक नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में किया जाएगा।
राज्य शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार समिति में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा और मुख्यमंत्री के प्रेस ऑफिसर आलोक सिंह को शामिल किया गया है।
इसके अलावा प्रख्यात साहित्यकार एवं स्तंभकार अनंत विजय, पांचजन्य के संपादक हितेश शंकर और साहित्य परिषद दिल्ली के मनोज कुमार को भी समिति में नामांकित किया गया है।
छत्तीसगढ़ की साहित्यिक विरासत को मिलेगी पहचान
साहित्य उत्सव का उद्देश्य साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना तथा छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाना है। आयोजन के दौरान साहित्यकारों, लेखकों, संपादकों और विद्वानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ विभिन्न साहित्यिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सलाहकार समिति आयोजन की रूपरेखा और कार्यक्रमों को सार्थक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



