Maoist Dump Recovered: जमीन के नीचे छिपा रखा था 39.77 लाख का खजाना, स्टील के डिब्बे से निकली नकदी

बड़ेपल्ली के जंगल में बोरी के भीतर दबाकर रखे थे 500-500 के नोट
डीआरजी और बीडीएस की संयुक्त सर्चिंग में खुला माओवादी डम्प का राज
जगदलपुर/नवप्रदेश। माओवादी जंगलों में हथियार और विस्फोटक (Maoist Dump Recovered) ही नहीं, बल्कि बड़ी मात्रा में नकदी भी जमीन के भीतर छिपाकर रख रहे हैं। बीजापुर जिले के बड़ेपल्ली जंगल में सुरक्षाबलों ने जमीन के नीचे दबाकर रखा गया स्टील का डिब्बा बरामद किया है। इसमें टेप से लिपटे पैकेटों में 500-500 रुपये के नोट भरे थे। तलाशी में कुल 39 लाख 77 हजार रुपये नकद मिले। माओवादी डम्प से इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद एक बार फिर उनके आर्थिक नेटवर्क पर सुरक्षाबलों की कार्रवाई चर्चा में है।
पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन और भैरमगढ़ एसडीओपी नवीन कुमार एक्का के नेतृत्व में डीआरजी, भैरमगढ़ थाना पुलिस तथा बीडीएस की संयुक्त टीम ने बड़ेपल्ली के जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया। मुखबिर से जमीन के भीतर संदिग्ध सामग्री छिपाए जाने की सूचना मिली थी।
बोरी में था स्टील का डिब्बा
सर्चिंग के दौरान बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी की कार्रवाई की। इसी दौरान जमीन के भीतर बोरी में छिपाकर रखा गया स्टील का डिब्बा मिला। डिब्बे को खोलकर जांच की गई तो उसमें टेप से लिपटे पैकेट रखे मिले। पैकेटों में 500-500 रुपये के नोटों में कुल 39 लाख 77 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई।
पहले भी करोड़ों की नकदी और सोना बरामद
पुलिस के अनुसार,इससे पहले भी सुरक्षाबल माओवादी डम्प से 7 करोड़ 60 लाख 33 हजार 800 रुपये नकद और 8.5 किलोग्राम सोना बरामद कर चुके हैं। बड़ेपल्ली में मिली ताजा नकदी को भी माओवादी नेटवर्क से जुड़ा डम्प बताया जा रहा है।



