संपादकीय

Violence in Bangladesh: संपादकीय: बांग्लादेश में फिर हिंसा का तांडव

बांग्लादेश एक बार फिर अपनी लगाई आग में झुलसने लगा है। पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे मोहम्मद यूनूस के पैतृक घर में आगजनी की घटना के बाद बांग्लादेश के 28 जिलों में हिंसा का तांडव शुरू हो गया। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने बांग्लादेश बंद का आव्हान किया। अवामी लीग पर बांग्लादेश की पूर्व अंतरिम सरकार ने प्रतिबंध लगा दिया था।

जिसकी वजह से शेख हसीना की पार्टी पिछला चुनाव नहीं लड़ पाई थी। नतीजतन बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने एकतरफा जीत दर्ज की और तारिक रहमान प्रधानमंत्री बने। उनकी सरकार जन अपेक्षाओं की कसौटी पर खरा नहीं उतर पा रही है। चुनाव पूर्व हुई हिंसा केे कारण बांग्लादेश में उद्योग धंधे ठप पड़ गए और बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था तहस नहस हो गई है। लोगों के सामने भूखों मरने की नौबत आ गई है। यही वजह है कि अब लोगों का आक्रोश फूटने लगा है।

जिन अराजक तत्वों ने शेख हसीना की निर्वाचित सरकार का तख्ता पलट कर बांग्लादेश में अराजकता फैलाई थी उनके खिलाफ लोग सड़क पर उतर रहे हैं और उन्हें सबका सिखा रहे हैं। लोग शेख हसीना की सरकार का कार्यकाल याद कर रहे हैं जब बांग्लादेश में कपड़ा उद्योग फल फूल रहा था। किंतु बांग्लादेश में तख्ता पलट के बाद शेख हसीना को अपना देश छोड़कर भारत में शरण लेनी पड़ी थी। शेख हसीना को वहां की अदालत ने फांसी की सजा सुना रखी है इसलिए वे वापस बांग्लादेश नहीं जा रही है लेकिन उनकी पार्टी अवामी लीग चाहती है कि उनकी पार्टी पर लगा प्रतिबंध हटाया जाए और शेख हसीना बांग्लादेश लौटकर फिर से पार्टी की कमान संभाले लेकिन शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी की राह आसान नहीं है।

उनके सिर पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है और सजा – ए – मौत का खतरा मंडरा रहा है। ऐसी स्थिति में बांग्लादेश में मौजूदा सरकार और शेख हसीना सरकार का तख्ता पलट करने वाले अराजक तत्वों के प्रति आक्रोश गहराता जा रहा है जिसके चलते हिंसा का तांडव फिर एक बार शुरू हो गया है। पड़ौसी देश में बिगड़ते हालत भारत के लिए भी चिंता का विषय है। जब भी वहां हालात बद से बदतर होते हैं बांग्लादेश से भाग कर लोग भारत में घुस आते हैं।

इस समय भारत में लगभग पांच करोड़ बांग्लादेशी और ऱोहिंग्या घुसपैठिये रह रहे हैं। जिन्हें देश से खदेडऩे की कवायद की जा रही है। बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओ की सुरक्षा को लेकर भी भारत चिंतित है जिन पर पहले ही भारी अत्याचार हो रहा है। भारत यही चाहेगा कि बांग्लादेश में जल्द से जल्द स्थिति सामान्य हो।

Related Articles

Back to top button