मां की हत्या कर सामान्य मौत बताने वाला बेटा गिरफ्तार, तीन साल बाद खुला राज

रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र में मां की हत्या कर उसे सामान्य मौत बताने और साक्ष्य छिपाने के मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी मां की हत्या कर दी थी। इसके बाद हत्या को सामान्य मृत्यु का रूप देने के लिए कई तरह के प्रयास किए थे। मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों एवं गवाहों से पूछताछ के बाद करीब तीन साल पुराने मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक, मृतिका श्यामा गोस्वामी का अपने बेटे संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी (44) के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों को घर लाना चाहता था, जबकि इसी बात को लेकर मां के साथ उसका विवाद होता था। 5 जुलाई 2023 को भी दोनों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान आरोपी ने अपनी मां को दीवार की ओर धक्का दे दिया, जिससे उनके सिर में चोट लग गई।
इसके बाद मां के दर्द से कराहने पर आरोपी गुस्से में आ गया और पास में रखे सिलबट्टे के लोहे से उनके सिर के पीछे वार कर दिया। सिर से खून बहने के बाद आरोपी ने पलंग में लगी मच्छरदानी की रस्सी से गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने घटना छिपाने के लिए मृतिका के सिर में गमछा बांध दिया और माथे व सिर पर गुलाल लगा दिया। उसने अपनी बहनों और पुलिस को भी हत्या की जानकारी नहीं दी तथा आसपास के लोगों को सामान्य मृत्यु होने की बात बताई।
मामले में मृतिका की बेटी संगीता गोस्वामी ने मां की मृत्यु पर संदेह जताया था। इसके बाद पुलिस ने थाना खमतराई के मर्ग क्रमांक 72/2023 से जुड़े तथ्यों की दोबारा जांच की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट और गले में रस्सी के निशान मिलने के साथ ही गवाहों एवं परिजनों के बयान से हत्या की आशंका मजबूत हुई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने मां की हत्या करना स्वीकार किया।
आरोपी संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी, पिता स्व. अंबिकेश्वर पुरी गोस्वामी, निवासी धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1240/2026 के तहत धारा 302 और 201 भादवि में मामला दर्ज कर 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।


