छत्तीसगढ़

Hidma Maoist Network: हिडमा के खात्मे के एक साल बाद भी जंगलों में जिंदा खतरा, पुराने डंप से 670 विस्फोटक बरामद

आंध्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता,

दवाइयां और मेडिकल किट भी मिले,पुराने माओवादी ठिकानों की तलाश जारी

अनिल सामंत

जगदलपुर/ नव प्रदेश। माओवादी कमांडर हिडमा ( Hidma Maoist Network) के खात्मे के एक साल बाद भी उसके पुराने ठिकाने सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बने हुए हैं। आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे जंगलों में संयुक्त अभियान के दौरान भारी मात्रा में छिपाई गई विस्फोटक सामग्री बरामद होने से साफ है कि माओवादी गतिविधियों के दौर में बनाए गए गुप्त ठिकानों की तलाश अभी पूरी नहीं हुई है। एक पुराने डंप से 670 जीवित विस्फोटक खोल सहित अन्य सामग्री मिली है। साथ ही करीब 20 प्रकार की दवाइयां और मेडिकल किट भी बरामद की गई हैं।

आंध्र प्रदेश पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की संयुक्त टीम ने पोलावरम जिले के पुलिस अधीक्षक के. चक्रवर्ती के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। खुफिया सूचना के आधार पर जंगल में छिपाए गए डंप की तलाश की गई, जहां माओवादी संगठन से जुड़ी सामग्री बरामद हुई। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि सामग्री कब और किन परिस्थितियों में छिपाई गई थी तथा इससे जुड़े अन्य ठिकाने कहां हो सकते हैं।

हिडमा के पुराने नेटवर्क की तलाश जारी

18 नवंबर 2025 को आंध्र प्रदेश के मारेडुमिल्ली जंगल में मुठभेड़ के दौरान हिडमा मारा गया था। उसके खात्मे के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसके पुराने प्रभाव वाले इलाकों में अभियान तेज किया। दक्षिण बस्तर से आंध्र सीमा तक फैले जंगलों में संगठन के पुराने ठिकानों और छिपाकर रखी गई सामग्री की तलाश अब भी चल रही है। ताजा बरामदगी हिडमा की मौत की पहली बरसी के आसपास सामने आई है।

विस्फोटक के साथ चिकित्सा सामग्री भीडंप में

विस्फोटक सामग्री के अलावा दवाइयां और चिकित्सा किट मिलना माओवादी ठिकानों पर जमा किए गए सामान की व्यापकता को दर्शाता है। सुरक्षा एजेंसियां सीमावर्ती जंगलों में ऐसे अन्य ठिकानों की संभावना को देखते हुए तलाश जारी रखे हुए हैं।

सामग्री को खोजकर निष्क्रिय करना भी बड़ी चुनौती

नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में चल रहे अभियानों के बीच अब जंगलों में वर्षों से छिपाकर रखी गई सामग्री को खोजकर निष्क्रिय करना भी बड़ी चुनौती है। हिडमा के पुराने ठिकाने से मिली बरामदगी बताती है कि माओवादी गतिविधियों के कमजोर पड़ने के बाद भी उनके दौर में छोड़े गए खतरे पूरी तरह समाप्त नहीं हुए हैं। बस्तर और सीमावर्ती क्षेत्रों को सुरक्षित बनाने के लिए इन पुराने ठिकानों का पता लगाना भी सुरक्षा अभियान का अहम हिस्सा बन गया है।

Hemant Dhote

लेखक: हेमन्त धोटे छत्तीसगढ़ के एक सक्रिय पत्रकार और प्रिंट मीडिया से जुड़े व्यक्ति हैं, जो मुख्य रूप से रायपुर से संचालित होने वाले प्रतिष्ठित दैनिक हिंदी समाचार पत्र 'दैनिक नव प्रदेश' (Nav Pradesh) में निरंतर वरिष्ठ प्रबंधन/प्रतिनिधि मंडल एवं रायपुर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं और अखबार के विभिन्न आयोजनों व गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। श्री हेमन्त धोटे ने रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTUJM) से (बी.जे.एम.सी और एम.ए.एम.सी) की पढ़ाई की है।

Related Articles

Back to top button