A Pointless Uproar Over a Book: किताब पर व्यर्थ का बवाल

कांग्रेस पार्टी की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रही सोनिया गांधी ने बारह साल पूर्व 13 जुलाई 2014 को पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह की किताब में उठाए गए सवालों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि इन प्रश्नों का उत्तर देने का एक ही तरीका है कि मैं खुद ही एक किताब लिखूं। तब किसी ने नहीं सोचा था कि सोनिया गांंधी वाकई कोई किताब लिखेंगी लेकिन उन्होंने आखिरकार किताब लिख ही दी। उनकी किताब ” बिलान्गिग : अ जर्नी आफ लव ” 10 नवंबर को प्रकाशित होते ही चर्चा का विषय बन गई है।
इसमें प्रकाशित तथ्यों को लेकर बवाल भी खड़ा हो गया है। यह स्वाभाविक है। जब भी कोई राजनीतिज्ञ या पूर्व नौकरशाह कोई किताब लिखता है तो उसे लेकर सियासी बवाल मचता ही है। ऐसी आत्मकथा में लेखक खुद को महिमामंडित करता है और विरोधियों की आलोचना करता है। इसे लेकर व्यर्थ का बवाल खड़ा करना उस किताब को और चर्चित बना देता है।
नतीजतन उसकी बिक्री बढ़ जाती है। संभवत: लेखक की मंशा भी यही होती है कि उसकी किताब पर बवाल कटे। सोनिया गांधी ने जो किताब लिखी है उसमें उन्होंने कितना बताया है और कितना कुछ छिपाया है इसे लेकर भाजपा नेता सवाल उठा रहे हैं कुछ तो उसे झूठ का पुलिंदा तक बता रहे हैं वहीं कई लोग इस किताब में प्रूफ की गलतियां गिना रहे हैं।
दूसरी ओर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के नेता इस किताब की शान में कसीदे गढ़ते हुए इसे ऐतिहासिक दस्तावेज बता रहे हैं। किताब पढ़ते हुए अपनी फोटो खींचा रहे है और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर कांग्रेस हाईकमान की नजरों में अपना नंबर बढ़वा रहे हैं। इस तरह की प्रतिक्रियाएं इस किताब को चर्चित बना रही है।
544 पृष्ठों की 1299 रुपये मूल्य वाली इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने व्यक्तिगत और पारिवारिक जीवन पर जो कुछ लिखा है वह उनका निजी मामला है जिस पर कोई टीका टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए लेकिन अपने राजनीतिक जीवन पर उन्होंने जो कुछ भी लिखा है उस पर तो चर्चा होनी ही है। हो भी रही है।
खासतौर पर यूपीए की सरकार बनने के बाद सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की मांग उठने और उनके इंकार करने के बाद मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री बनने के मामले और मेनका गांधी के संदर्भ में जो बातें किताब में लिखी गई हैं उस पर भाजपा नेता सवालिया निशान लगा रहे हैं। सोनिया गांधी द्वारा यह लिखे जाने पर कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे आंख मिलाकर बात नहीं करते पर भी भाजपा नेता हैरानी जता रहे हैं। कुछ अन्य तथ्यों पर भी आपत्ति उठा रहे हैं।
कुल मिलाकर सोनिया गांधी की यह पहली किताब इन दिनों चर्चा का केन्द्र बनी हुई है। उसमें लिखी गई बातों से जो असहमत हैं वे भी चाहें तो किताब लिखकर अपनी बात रख सकते हैं। किताब का जवाब किताब से ही देना ज्यादा कार आमद तरीका है।



