छत्तीसगढ़

IT Raid: सूरजपुर-अम्बिकापुर में पीआरए ग्रुप के 7 ठिकानों पर आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी, 24 घंटे बाद भी जांच जारी

  • 25 अधिकारियों की टीम ने एक साथ दी दबिश
  • कार्यालयों और आवासीय परिसरों में दस्तावेजों, बैंक खातों व डिजिटल रिकॉर्ड की हो रही पड़ताल
  • आयकर चोरी की आशंका, आधिकारिक खुलासे का इंतजार


नीलांचल गौड़

सूरजपुर/अम्बिकापुर/नवप्रदेश। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और अम्बिकापुर में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई (IT Raid) से कारोबारी जगत में हड़कंप मचा हुआ है। चर्चित PRA (पीआरए) ग्रुप से जुड़े सात ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने एक साथ छापेमारी कर जांच शुरू की है। बुधवार तड़के शुरू हुई यह कार्रवाई 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जारी है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के करीब 25 अधिकारी-कर्मचारी अलग-अलग टीमों में शामिल होकर दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रहे हैं।


जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीमें करीब 12 वाहनों में सवार होकर सूरजपुर पहुंची थीं। इसके बाद एक साथ अलग-अलग प्रतिष्ठानों और आवासीय परिसरों में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान सूरजपुर के पांच और अम्बिकापुर के दो ठिकानों को जांच के दायरे में लिया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।


 कार्यालयों और आवासीय परिसरों में जांच

अम्बिकापुर में आयकर विभाग (IT Raid) की टीम ने एमजी रोड स्थित एक आवासीय परिसर और ब्रम्ह रोड स्थित बर्बरिक प्रोजेक्ट के कार्यालय में जांच की। सूत्रों के मुताबिक, PRA ग्रुप से जुड़े कुल तीन परिसरों में कार्रवाई की गई है, जिनमें बर्बरिक प्रोजेक्ट का कार्यालय और दो आवासीय परिसर शामिल बताए जा रहे हैं।


वहीं सूरजपुर में भी ग्रुप से जुड़े विभिन्न प्रतिष्ठानों और परिसरों में अधिकारियों की टीम दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान कारोबार से संबंधित आय-व्यय के ब्यौरे, बैंकिंग लेन-देन, वित्तीय दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।


 कंप्यूटर और लैपटॉप में सुरक्षित डेटा भी खंगाला


आयकर विभाग की कार्रवाई केवल कागजी दस्तावेजों तक सीमित नहीं है। अधिकारियों द्वारा कंप्यूटर, लैपटॉप, पेनड्राइव और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में सुरक्षित कारोबारी जानकारियों की भी जांच की जा रही है। डिजिटल रिकॉर्ड, बैंक खातों के विवरण और वित्तीय लेन-देन का उपलब्ध दस्तावेजों से मिलान किया जा रहा है। जांच का उद्देश्य घोषित आय और वास्तविक कारोबारी गतिविधियों के बीच किसी तरह की विसंगति का पता लगाना बताया जा रहा है।


आयकर चोरी की आशंका, आधिकारिक बयान नहीं


सूत्रों के अनुसार, आयकर चोरी की आशंका और शिकायतों के आधार पर विभाग ने यह कार्रवाई की है। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अब तक छापेमारी के कारणों, जांच में मिले दस्तावेजों अथवा संभावित कर चोरी की राशि को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

 नयनपुर की राइस मिल भी जांच के दायरे में


इस कार्रवाई के दौरान नयनपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित साकेत राइस मिल में भी आयकर विभाग की टीम के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह राइस मिल एक बड़े भाजपा नेता के भाई से जुड़ी है। टीम ने मिल के साथ उसके मालिक के आवास पर भी पहुंचकर कारोबार से संबंधित दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच शुरू की है। हालांकि, इस संबंध में भी विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


 जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी तस्वीर


एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी, बड़ी संख्या में दस्तावेजों की उपलब्धता और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच को देखते हुए कार्रवाई लंबी चलने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी अधिकारी जांच में जुटे हुए हैं। कारोबारी और राजनीतिक गलियारों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब सभी की निगाहें आयकर विभाग की जांच के नतीजों पर टिकी हैं। जांच पूरी होने और विभाग की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस कार्रवाई में कौन-कौन सी वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं।

Related Articles

Back to top button