छत्तीसगढ़

सुहेला को 459 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री ने किया 275 कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण

सुहेला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सुहेला में आयोजित विकास संकल्प तिहार में जिलेवासियों को 459 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत के 275 विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 316 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत के 178 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 142 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत से पूर्ण हुए 97 कार्यों का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ कर क्षेत्र के विद्यार्थियों की लगभग दो दशक पुरानी मांग पूरी की। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता सामग्री एवं चेक वितरित किए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों और युवाओं को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास के साथ सरकार को सेवा का अवसर दिया है, उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करते हुए विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना तथा प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना सरकार का उद्देश्य है।

सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इस अवधि में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति, महतारी वंदन योजना, चरण पादुका योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना सहित कई जनकल्याणकारी पहल की गई हैं।

उन्होंने बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरू किया गया है। इसके माध्यम से चौबीसों घंटे शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। सेवा सेतु पोर्टल पर लगभग 700 शासकीय सेवाएं उपलब्ध हैं। वहीं अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

किसानों की खुशहाली के लिए कई कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। कृषक उन्नति योजना में संशोधन कर कम उत्पादन की स्थिति में भी प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से अंतर की राशि देने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस भी प्रदान किया गया है।

सुहेला में महाविद्यालय भवन के लिए 5 करोड़ रुपए की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा की मांग पर क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें सुहेला में मांगलिक भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए, नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन के लिए बजट में 5 करोड़ रुपए का प्रावधान, सुहेला तहसील के 20 विद्यालयों में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए तथा बलौदाबाजार में शहीद वीर नारायण सिंह चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपए शामिल हैं।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सुहेला में शासकीय महाविद्यालय प्रारंभ होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनकी लगभग 20 वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है।

हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए थे। मुख्यमंत्री ने इनका अवलोकन किया और हितग्राहियों को सहायता सामग्री, चेक एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए।

वन विभाग की ओर से तीन तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन राशि के चेक दिए गए। कृषि विभाग के माध्यम से किसानों को गेहूं एवं सरसों के बीज वितरित किए गए तथा 10 किसानों को 50 लाख रुपए से अधिक की राशि के चेक प्रदान किए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पांच बच्चों को सुपोषण टोकरी दी गई। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 10 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से तीन दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल एवं व्हीलचेयर वितरित की गईं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से हितग्राहियों को चश्मे, आयुष्मान वय वंदन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड दिए गए। वहीं कौशल विकास विभाग के ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 53 युवाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सड़क, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं का होगा विस्तार

भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में बलौदाबाजार विकासखंड में 88 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से लटुआ-पनगांव बायपास मार्ग का निर्माण शामिल है। इसके अलावा सुहेला में 23 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से तीन मार्गों पर डिवाइडर एवं प्रकाश व्यवस्था सहित सड़क निर्माण तथा सिमगा विकासखंड में 8 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से हथबंद-जांगड़ा सड़क का निर्माण किया जाएगा।

भाटापारा विकासखंड में दतरेंगा से बिजराडीह तक 6.20 किलोमीटर सड़क एवं पुल-पुलियों का निर्माण तथा तुरमा-खैरी सड़क निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।

वहीं लोकार्पित प्रमुख कार्यों में 65 करोड़ 41 लाख रुपए की लागत से खपरी-सिलवा-करहीबाजार सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, 9 करोड़ 69 लाख रुपए की लागत से भाटापारा-सुहेला-हिरमी-मोहरा मार्ग का डामरीकरण एवं मजबूतीकरण शामिल है।

इसके साथ ही पलारी में 3 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भवन, ग्राम घुलघुल में 3 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से मल्लीन नाला पर स्टॉपडेम तथा कसडोल विकासखंड के ग्राम मटिया में 3 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से मटिया नाला पर स्टॉपडेम का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर लोकार्पित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सरकार प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयासरत है।

कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, अश्वनी शर्मा, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े, लक्ष्मी बघेल, जिला अध्यक्ष आनंद यादव सहित जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त श्याम धावड़े, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, प्रभारी पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button