संपादकीय

GenZ’s Miraculous Victory : जेन जी की चमत्कारिक जीत

ये है भारत के जेन जी (GenZ’s Miraculous Victory) का जुनून, जज्बा और उनकी ताकत जो नामुमकिन को मुमकिन करने का माद्दा रखती है और दुश्मन के जबड़े से जीत को छीनने का हुनर जानती है। ओमान में खेले गए अंडर 19 वनडे एशिया कप के फाइनल मैच में टीम इंडिया के 18 साल के लड़कों ने हारी हुई बाजी को जीतकर करोड़ों भारतीय क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। जेन जी ने जो कर दिखाया वह वाकई एक दैवीय चमत्कार है जिसे आज दुनिया का हर क्रिकेट प्रेमी नमस्कार कर रहा हैं पाकिस्तान को छोड़कर जहां मातम पसरा हुआ है।

पाकिस्तानी तो समझ ही नहीं पा रहे हैं कि कैसे उनकी अधेड़ों से भरी पाकिस्तानी टीम भारतीय लड़कों से हार गई? अ़ंडर 19 में पाकिस्तान की टीम में कई खिलाड़ी बीस से पच्चीस साल की उम्र के थे जिन्हें भारतीय जेन जी ने उनकी नानी याद दिला दी। पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 337 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और ऐसे जश्न मनाने लगे मानों उन्होंने फायनल मैच ही जीत लिया हो।

जवाब में जब टीम इंडिया के लड़के मैदान में उतरे तो पाकिस्तानी खिलाड़ी उनका ध्यान भटकाने के लिए वही सब कुछ करने लगे जिसके वे आदी हैं। भद्दे कमेंटस और गाली गलौज कर वे अपनी जात दिखाते रहे लेकिन भारतीय शेर बगैर विचलित हुए अपने खेल पर ध्यान केन्द्रित किए रहे। इसके बावजूद जब ढाई सौ के स्कोर पर भारत के आठ विकेट गिर गए तो एकबारगी लगा कि यह फायनल मैच भारत के हाथों से निकल गया। अधिकांश लोगों ने तो टीवी भी बंद कर दिया।

तभी मानों चमत्कार हुआ दसवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मोहित उल्वा ने अकेले अपने दम पर बाजी पलट कर रख दी। 18 साल के मोहित ने मात्र 26 गेंदों पर 49 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर पाकिस्तानी गेंदबाजों के परखच्चे उड़ाकर रख दिए। दूसरे छोर पर पुछल्ले बल्लेबाज मनल चौहान ने भी धुंआधार बैटिंग करते हुए 32 गेंदों पर 47 रन ठोक डाले। इसी स्कोर पर मनल चौहान का विकेट गिरने के बाद फिर टीम की हार तय नजर आने लगी लेकिन नई सनसनी मोहित अकेले ही किला लड़ाते रहे।

जिसकी वजह से मैच अंतिम ओवर और आखिरी गेंद तक जा पहुंचा। दिल की धड़कने रोक देने वाले इस मैच में जब आखिरी गेंद फेंकी गई तो भारत को जीत के लिए तीन रनों की दरकार थी। तब मोहित ने मनमोहक चौका जड़कर भारत को ऐतिहासिक जीत दिला दी। भारत ने नौवीं बार अंडर 19 एशिया कप जीता है और लगातार तीन बार पाकिस्तान को फायनल में हराकर शानदार हैट्रिक लगाई है। टीम इंडिया के आक्रामक बल्लेबाज आर्य वीर सहवाग प्लेयर आफ टूर्नामेंट का खिताब मिला हे।

जिन्होने सर्वाधिक रन बनाए। फायनल मैच के हीरो मोहित उल्वा रहे जिन्होंने असंभव को संभव कर दिखाया। जीत का जश्न भी भारतीय जेन जी (GenZ’s Miraculous Victory) आक्रामक अंदाज में मनाया और पाकिस्तानी खिलाडिय़ों की बदतमीजी का मुंहतोड़ जवाब दिया। टीम इंडिया के खिलाड़ी यश वीर गौड़ की दहाड़ सुनकर तो पाकिस्तानी खिलाडिय़ों की कंपकंपी छूट गई। वैसे भी मैदान चाहे जंग कि हो या क्रिकेट का पाकिस्तान की मिट्टी पलीत करने का मजा ही अलग है। बधाई हो भारतीय जेन जी इस ऐतिहासिक जीत की और शानदार व जानदार जश्न की भी।

Related Articles

Back to top button