छत्तीसगढ़

Bailadila Mining Disaster: खनन अपशिष्ट का पहाड़ ढहा, जंगल से गांव तक तबाही, 10 किमी तक फैला मलबा, कई गावों का संपर्क टूटा


20 गांवों की आवाजाही संकट में,पेयजल स्रोत और मलांगिर पर्यटन क्षेत्र पर मंडराया खतरा

अनिल सामंत
जगदलपुर। नव प्रदेश। बैलाडीला की पहाड़ियों से लौह अयस्क ( Bailadila Mining Disaster) निकालने वाली मशीनों के बीच जमा खनन अपशिष्ट अब पहाड़ से उतरकर गांवों, जंगल और जनजीवन के लिए संकट बन गया है। किरंदुल में डिपॉजिट-14 के पीछे जमा वेस्ट डंप का बांध टूटने से मिट्टी, पत्थर और खनन अपशिष्ट का विशाल मलबा नीचे की ओर बह निकला। करीब 8 से 10 किलोमीटर तक फैले मलबे ने हजारों पेड़ों को तबाह कर दिया, लोहा गांव का रास्ता बहा दिया और करीब 20 गांवों की आवाजाही पर संकट खड़ा कर दिया। हादसे ने खनन के साथ पर्यावरणीय सुरक्षा के दावों को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है।


पहाड़ी के पीछे जमा अपशिष्ट का दबाव और उसके बहाव ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। करीब 20 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पेड़ मलबे में दब गए, कई बहकर दूर चले गए और प्राकृतिक भूभाग की तस्वीर बदल गई। घटनास्थल के आसपास अब भी मिट्टी खिसकने की सूचना है,जिससे खतरा पूरी तरह टला नहीं है।


पहाड़ से बहा मलबा,गांव तक पहुंचने का रास्ता भी बह गया


इस तबाही का सीधा असर लोहा गांव के ग्रामीणों पर पड़ा है। गांव को किरंदुल से जोड़ने के लिए बनाया जा रहा रास्ता मलबे के बहाव में बह गया। ग्रामीणों के पास आवागमन का दूसरा रास्ता भी नहीं है। ऐसे में गांव का संपर्क टूटने से दैनिक जरूरतों, बाजार पहुंचने और बीमारों को अस्पताल ले जाने जैसी चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। लोहा और हरोली सहित आसपास के गांवों के लोगों की आजीविका भी किरंदुल से जुड़ी है। साप्ताहिक बाजार तक पहुंच बाधित होने से रोजमर्रा के जीवन पर संकट गहरा गया है।


जंगल उजड़ा,पानी के स्रोतों पर भी खतरे की दस्तक


खनन अपशिष्ट का यह बहाव केवल पेड़ों और जमीन तक सीमित नहीं है। मलबे की दिशा और विस्तार ने मलांगिर पर्यटन क्षेत्र तथा आसपास के जलस्रोतों को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। यदि खनन अपशिष्ट जलस्रोतों तक पहुंचा तो इसका असर पेयजल और प्राकृतिक पर्यावरण पर पड़ सकता है। जंगल के बीच जमा मलबा मिट्टी,पानी और वनस्पति के लिए दीर्घकालिक नुकसान का कारण बन सकता है। फिलहाल प्रभावित क्षेत्र का वास्तविक आकलन और जलस्रोतों की स्थिति सामने आना जरूरी है।


सुरक्षा के दावों के बीच कैसे टूटा वेस्ट डंप का बांध?


एनएमडीसी बैलाडीला से बड़े पैमाने पर लौह अयस्क निकालती है। खनन के बाद निकलने वाले अपशिष्ट को सुरक्षित तरीके से जमा करना और वेस्ट डंप की संरचनात्मक मजबूती बनाए रखना भी खनन सुरक्षा का अहम हिस्सा है। ऐसे में डंप का बांध टूटना कई सवाल छोड़ गया है। क्या डंप की क्षमता और दबाव का नियमित आकलन किया जा रहा था? बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था कितनी प्रभावी थी? क्या संभावित खतरे को लेकर पहले कोई चेतावनी या तकनीकी आकलन सामने आया था?


वन विभाग,पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया


वन विभाग,पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। जांच रिपोर्ट तैयार किए जाने की बात कही गई है। सुरक्षा कारणों से घटनास्थल पर पहुंच सीमित रखी गई। अब केवल नुकसान का आकलन पर्याप्त नहीं होगा,बल्कि यह भी सामने आना चाहिए कि इतने बड़े पैमाने पर मलबा बहने की परिस्थितियां क्या थीं और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं चूक हुई तो उसकी जिम्मेदारी किसकी है।
पहाड़ से उतरा मलबा फिलहाल जंगल,सड़क और गांवों के सामने संकट बनकर खड़ा है। लेकिन इस हादसे का सबसे बड़ा सवाल आने वाले दिनों में जवाब मांगता रहेगा—खनिज निकालने की प्रक्रिया में पर्यावरण और आसपास के गांवों की सुरक्षा आखिर कितनी प्राथमिकता में है?

Hemant Dhote

लेखक: हेमन्त धोटे छत्तीसगढ़ के एक सक्रिय पत्रकार और प्रिंट मीडिया से जुड़े व्यक्ति हैं, जो मुख्य रूप से रायपुर से संचालित होने वाले प्रतिष्ठित दैनिक हिंदी समाचार पत्र 'दैनिक नव प्रदेश' (Nav Pradesh) में निरंतर वरिष्ठ प्रबंधन/प्रतिनिधि मंडल एवं रायपुर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं और अखबार के विभिन्न आयोजनों व गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। श्री हेमन्त धोटे ने रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTUJM) से (बी.जे.एम.सी और एम.ए.एम.सी) की पढ़ाई की है।

Related Articles

Back to top button