संपादकीय

Owaisi emerging as a challenge in UP: यूपी में ओवैसी बन रहे चुनौती

एआईएमआईएम सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी (Owaisi emerging as a challenge in UP) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपना दम दिखाना शुरू कर दिया है। भीम आर्मी चीफ चन्द्रशेखर रावण की पार्टी के साथ गठबंधन कर लेने के बाद उनकी ताकत बढ़ गई है। समाजवादी पार्टी के गढ़ आजमगढ़ में ओवैसी की जनसभा में जो अपार जनसैलाब उमड़ा उसे देखकर सपाइयों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी हो गई हैं। भले ही सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव अभी भी ओवैसी को हल्के में ले रहे हों और उन पर तंज कस रहे हों लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ओवैसी सपा के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं।

ओवैसी ने आजाद समाज पार्टी के साथ गठजोड़ कर जो नया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है उसने अब उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लडऩे का एलान कर दिया है और चन्द्रशेखर रावण को इस तीसरे मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया गया है। मुस्लिम और दलित वोटों को साधने की यह कवायद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की परेशानी का सबब बन गई है। यही वजह है कि सपा और कांग्रेस के नेता ओवैसी और चन्द्रशेखर रावण के गठबंधन को भाजपा की बी टीम के रूप में प्रचारित कर रहे हैं लेकिन इसका भी ओवैसी मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं और समाजवादी पार्टी को भाजपा की बी टीम बता रहे हैं और इसके कई उदाहरण गिना रहे हैं।

ओवैसी (Owaisi emerging as a challenge in UP) का कहना है कि दाढ़ी और मूंछ वाले का यह गठबंधन क्लीन सेव वाले अखिलेश यादव और क्लीन हेड वाले योगी आदित्यनाथ को हराएगा। लखनऊ में फतह हासिल करने के बाद यह गठबंधन आगामी लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार को भी सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगा। इस तरह का बयान देकर ओवैसी ने यह संकेत दे दिया है कि वे राष्ट्रीय स्तर भी तीसरा मोर्चा बनाने की तैयारी में जुट गए हैं।

जहां तक उतर प्रदेश का प्रश्न है तो वहां 22 प्रतिशत दलित और 20 प्रतिशत मुस्लिम मतदाता डेढ़ सौ से ज्यादा सीटों पर निर्णायक भूमिका निभाते रहे हैं। दलित और मुस्लिम मतदाताओं के दम ही बसपा सुप्रीमो मायावती उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद तक पहुंची थी और बाद में मुलायम सिंह यादव तथा अखिलेश यादव भी मुख्यमंत्री बनने में सफल हुए थे। किन्तु अब स्थिति बदल रही है। मुस्लिम मतदाताओं को आकर्षित करने में ओवैसी सफल होते नजर आ रहे हैं। उनका यह नारा कि अब अब्दुल दरी नहीं उठाएगा मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में असर दिखाने लगा है।

अब चन्द्रशेखर रावण का साथ मिल जाने से ओवैसी की ताकत और बढ़ गई है। उनकी हर जनसभा में भीड़ लगातार बढ़ती ही जा रही है। ओवैसी अपने भाषणों से लोगों को प्रभावित करने लगे हैं। बिना लाग लपेट के पूरी बेबाकी से वे अपनी बात रख रहे हैं। हर सवाल का जवाब दे रहे हैं। उनका अंदाज – ए- बयां मुस्लिम मतदाताओं को बेहद पसंद आ रहा है। हो सकता है कि कुछ और क्षेत्रीय पार्टियां भी सामाजिक परिवर्तन मोर्चा से जुड़ जाएं।

यदि ऐसा हुआ तो यह तीसरा मोर्चा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को त्रिकोणीय संघर्ष के रुप में परिवर्तित कर दे तो कोई आश्चर्य नहीं होगा। भले ही यह नया मोर्चा कम सीटें ही जीत पाए लेकिन अधिकांश मुस्लिम और दलित बहुल वाली सीटों पर चुनावी समीकरण जरूर बिगाड़ देगा। जिसका समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को ही ज्यादा नुकसान हो सकता है। अलबत्ता भाजपा को इस नये मोर्चे से नुकसान कम और फायदा ज्यादा हो सकता है।

Related Articles

Back to top button