Kharge’s statement: खडग़े के बयान से सियासी बवाल

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े (Kharge’s statement) के दीपावली को खुशियों वाली ईद बताने पर सियासी बवाल खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि दीपावली लंबे समय तक चलने वाली खुशियों भरी ईद है। लंबे समय से उनका आशय पांच दिनों तक चलने वाले दीपोत्सव पर्व से है। अव्वल तो किसी भी पर्व की किसी दूसरे धर्म के पर्व से तुलना की ही नहीं जानी चाहिए क्योंकि इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होने की प्रबल संभावना रहती है। यह बात एक राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष को समझनी चाहिए। हो सकता है उनकी जुबान फिसल गई हो।
यदि ऐसा है तो उन्हें सफाई देकर विवाद का पटाक्षेप कर देना चाहिए लेकिन कांग्रेस के अन्य नेता पवन खेड़ा, इमरान मसूद और राशिद अल्वी जिस तरह मल्लिकार्जुन खडग़े (Kharge’s statement) के बयान को सही बताते हुए उनका समर्थन कर रहे है उससे यह मामला तुल पकड़ता जा रहा है। भाजपा नेता खडग़े के बयान पर घोर आपत्ति जता रहे हैं और कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं कि वह हिंदूओं के सबसे बड़े धार्मिक पर्व दीपावली को लेकर भी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। भाजपा तो अब कांग्रेस के अलावा उसकी सहयोगी अन्य विपक्षी पार्टियों के नेताओं के भी ऐसे पुराने विवादित बयानों को भी मुद्दा बना रहे हैं और विपक्ष पर सनातनियों की भावनाओं से खिलवाड़ करने का आरोप लगा रहे हैं।
खडग़े के बयान को उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़ कर भी देखा जा रहा है जहां अल्पसंख्यक मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कड़ी प्रतिस्पर्धा चल रही है। वैसे भी चाहे सत्ता पक्ष का हो या विपक्ष का कोई बड़ा नेता कुछ भी बोलता है तो उसके कई राजनीतिक मायने निकाले ही जाते हैं। इसीलिए कहा गया है कि – शब्द संवारें बोलिए शब्द के हाथ न पांव, एक शब्द औषध करे एक शब्द घाव।
इतनी सी बात वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को समझ नहीं आती ये हैरानी की बात है। वह भी तब जबकि विपक्ष के बड़बोले नेताओं के विवादास्पद बयानों के कारण विपक्षी पार्टियों को पिछले कई चुनावों में पराजय का कड़वा घूंट पीने पर बाध्य होना पड़ा है। रही बात कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े (Kharge’s statement) की तो उन पर बढ़ती उम्र का प्रभाव पड़ रहा है। इसके पूर्व भी वे इस तरह के विवादित बयान देकर सियासी बवाल खड़ा करते रहे हैं। उन्हें और उन जैसे वरिष्ठ नेताओं को ऐसे बयानों से परहेज करना चाहिए जिससे किसी की भावनाएं आहत होती हों। इससे उन्हें भले ही मीडिया की सुर्खियां मिल जाए लेकिन उनकी पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।



