छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मुंगेली को देंगे 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

मुंगेली। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय 13 नवंबर 2026 को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली पहुंचेंगे। इस दौरान वे जिले को 465 करोड़ 40 लाख 82 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री इन कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री श्री साय 68 करोड़ 14 लाख 52 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 24 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। वहीं, 397 करोड़ 26 लाख 30 हजार रुपये की लागत वाले विभिन्न नए विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास करेंगे।

इन विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY), आदिवासी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा नगर पालिका परिषद लोरमी से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले में सड़क, सिंचाई, अधोसंरचना और मूलभूत जनसुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा, बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक और मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री के इस प्रवास को मुंगेली जिले में विकास कार्यों के विस्तार और क्षेत्रीय आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button