संपादकीय

Electroral Math in UP: तीसरा मोर्चा बिगाड़ेगा यूपी का चुनावी गणित

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Electoral Math in UP) में एआईएमआईएम सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी को हल्के में लेना इंडी गठबंधन को अब भारी पड़ सकता है। ओवैसी के साथ भीम आर्मी के चीफ चन्द्रशेखर रावण ने हाथ मिला लिया है। दोनों ने मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नामक एक नया गठबंधन बना लिया है। उत्तर प्रदेश में बना यह तीसरा मोर्चा यूपी में चुनावी गणित को बिगाड़ सकता है।

इस नए मोर्चे ने उत्तर प्रदेश की एक 150 विधानसभा सीटों पर चुनाव लडऩे का एलान किया है। इन सभी सीटों पर मुस्लिम और दलित निर्णायक भूमिका निभाते रहे हैं। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 20 प्रतिशत मुस्लिम मतदाता हैं और 22 प्रतिशत दलित मतदाता हैं। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर रावण के मिल जाने से समाजवादी पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन को नुकसान उठाना पड़ जाएगा। यह ठीक है ओवैसी और चन्द्रशेखर रावण की पार्टी का उत्तर प्रदेश में मजबूत जनाधार नहीं है और न ही उनकी पार्टी का संगठन मजबूत है लेकिन दोनों की अपने अपने समाज में पकड़ मजबूत है।

ओवैसी की सभाओं में जैसी भारी भीड़ उमड़ रही है उसे देखते हुए साफ लग रहा है कि युवा मुस्लिम मतदाताओं के बीच उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। चन्द्रशेखर रावण भी दलित युवा मतदाताओं के रोल माडल बने हुए हैं। ऐसे में इन दोनों का गठजोड़ हो जाता है तो ये एक और एक ग्यारह सिद्ध हों तो कोई ताज्जुब नहीं होगा।

बेशक यह गठबंधन गिनती की सीटें ही जीतने में कामयाब हो लेकिन मुस्लिम और दलित बहुल अधिकांश सीटों पर ये गठबंधन खेल बिगाड़ सकता है। इससे इंडी गठबंधन का चुनावी गणित बुरी तरह गड़बड़ा सकता है। यह भी हो सकता है कि पर्याप्त सीटें न मिलने से असंतुष्ट होकर कुछ और छोटी पार्टियां भी इस नए गठबंधन में शामिल हो जाएं। यदि ऐसा हुआ तो उत्तर प्रदेश का चुनावी (Electoral Math in UP) मुकाबला और रोचक हो जाएगा और इसका खामियाजा समाजवादी पार्टी व कांग्रेस को भुगतना पड़ सकता है।

Related Articles

Back to top button