छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेताओं को किया सम्मानित, तोमन कुमार को 51 लाख और अभिजीत सखूजा को मिलेंगे 31 लाख रुपये

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले प्रदेश के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पैरा तीरंदाजी के स्वर्ण पदक विजेता तोमन कुमार को 51 लाख रुपये तथा पैरा बैडमिंटन के कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को शाल एवं बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जीवन में चुनौतियां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, यदि मन में दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो सफलता का कोई भी मुकाम असंभव नहीं है। तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा ने अपने साहस, कठिन परिश्रम और असाधारण खेल प्रतिभा से इसे साबित किया है। उनकी उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं।

नक्सली हमले में गंवाया पैर, फिर भी हासिल किया स्वर्ण पदक

बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी तोमन कुमार की सफलता संघर्ष और अदम्य इच्छाशक्ति की मिसाल है। वे सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा।

इस कठिन परिस्थिति में भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी की शुरुआत की और लगातार अभ्यास, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने तोमन कुमार के साहस को नमन करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले इस वीर जवान ने खेल के मैदान में भी अपनी इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। नक्सली हमले में उनका एक पैर जरूर चला गया, लेकिन देश के लिए कुछ कर दिखाने का जज्बा कायम रहा। पहले मातृभूमि की रक्षा और अब खेल के मैदान में तिरंगे का सम्मान बढ़ाकर उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

शारीरिक चुनौती को पीछे छोड़ अभिजीत ने जीता कांस्य पदक

बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा ने भी अपनी मेहनत और लगन से सफलता की नई मिसाल कायम की है। बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे अभिजीत ने अपनी परिस्थितियों को कभी सपनों के आड़े नहीं आने दिया। उन्होंने पैरा बैडमिंटन को अपना लक्ष्य बनाया और निरंतर अभ्यास एवं अनुशासन के बल पर एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक हासिल किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिजीत की उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के परिवारजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे परिवार का त्याग, विश्वास और प्रोत्साहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

पैरा खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देगी सरकार

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से पैरा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के अंतर्गत तीन लाख रुपये तक की टीए-डीए सहायता भी प्रदान की जाती है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा आने वाले समय में भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम से सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और पैरालंपिक में देश के लिए और अधिक पदक जीतेंगे।

प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप खिलाड़ियों को मिल रहा प्रोत्साहन : अरुण साव

उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का सकारात्मक वातावरण बना है।

प्रधानमंत्री के प्रेरक संदेश ‘जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे’ की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button