छत्तीसगढ़

प्रियंका साहू ने वर्ल्ड थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण

रायपुर। रायपुर की थाई बॉक्सिंग खिलाड़ी प्रियंका साहू ने गोवा में आयोजित तृतीय वर्ल्ड थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उन्होंने प्रतियोगिता के म्यूजिकल एकल इवेंट में यह उपलब्धि हासिल की। इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रियंका छत्तीसगढ़ की एकमात्र खिलाड़ी थीं।

प्रतियोगिता 13 से 15 नवंबर तक गोवा के मापुसा स्थित पीडिम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बॉक्सिंग हॉल में आयोजित की गई। इसका आयोजन थाई बॉक्सिंग इंडियन फेडरेशन ने वर्ल्ड थाई बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में किया था। पदक वितरण फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सुमनाक्षर और महासचिव रविंदर सिंह ने किया।

40 किलो वर्ग में मुकाबला नहीं होने पर बदला विकल्प

प्रतियोगिता में विदेशी खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के कारण विभिन्न राज्यों के भारतीय खिलाड़ियों के बीच मुकाबले कराए गए। इसके लिए कुछ वजन वर्गों में भी बदलाव किया गया था। प्रियंका का निर्धारित वजन वर्ग माइनस 40 किलोग्राम था, लेकिन इस वर्ग में दूसरी खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होने के कारण उनका मुकाबला नहीं हो सका।

 इसके बाद उन्हें निर्धारित वजन से 10 किलो अधिक वाले वर्ग में खेलने का प्रस्ताव दिया गया, लेकिन उन्होंने अधिक वजन वाले वर्ग में मुकाबला करने से इनकार कर दिया। हालांकि, म्यूजिकल एकल इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

Related Articles

Back to top button