2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग, 11 दिन में दूसरी बार शिक्षा मंत्री के बंगले का घेराव

रायपुर। सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष 2300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों ने सोमवार को एक बार फिर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव किया। 11 दिन के भीतर यह दूसरा मौका है, जब अभ्यर्थियों ने मंत्री के बंगले के बाहर प्रदर्शन किया है। इससे पहले 5 नवंबर को भी अभ्यर्थियों ने बंगले में प्रवेश कर धरना दिया था।
सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ बंगले के बाहर पहुंचे और नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस वाहन में बैठाकर ले जाया गया।
11 महीने से नियुक्ति का इंतजार
डीएड अभ्यर्थी पिछले 11 महीनों से सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि कई बार ज्ञापन सौंपने और लगातार आंदोलन करने के बावजूद सरकार की ओर से उनकी मांग पर निर्णय नहीं लिया गया है।
न्यायालय के आदेशों का पालन कराने की मांग
अभ्यर्थियों का कहना है कि बीएड अभ्यर्थियों की नियुक्तियां निरस्त होने के बाद रिक्त हुए पदों पर पात्र डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जानी थी। इसके बावजूद अब तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। वे सुप्रीम कोर्ट और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेशों का पालन कराने की मांग कर रहे हैं।
कैंडल मार्च से दंडवत यात्रा तक कर चुके प्रदर्शन
नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थी कैंडल मार्च, मौन धरना, दंडवत यात्रा और सांकेतिक प्रदर्शन जैसे कई तरीके अपना चुके हैं। इसके अलावा शासन-प्रशासन को कई बार ज्ञापन भी सौंप चुके हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करने के साथ इसकी समय-सीमा भी घोषित की जाए।



