स्वास्थ्य

Cancer Myths : क्या ब्रेड और गैस पर सिकी रोटी से बढ़ता है कैंसर का खतरा, जानिए डॉक्टर ने इन दावों पर क्या कहा

कैंसर को लेकर सोशल मीडिया और लोगों के बीच कई तरह की बातें अक्सर सुनने (Cancer Myths) को मिलती हैं। कोई ब्रेड को कैंसर की वजह बताता है तो कोई गैस पर सिकी रोटी को नुकसानदायक मानता है। ऐसे दावों के कारण कई लोग रोजमर्रा के खानपान को लेकर भी असमंजस में रहते हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि हर वायरल जानकारी सही नहीं होती। खानपान से जुड़े कई दावे वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित नहीं होते। ऐसे में जरूरी है कि किसी भी जानकारी पर भरोसा करने से पहले विशेषज्ञों की राय को समझा जाए।

क्या ब्रेड खाने से कैंसर होता है Cancer Myths

कैंसर सर्जन डॉ. जयेश शर्मा के अनुसार, अब तक ऐसा कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिला है कि सामान्य मात्रा में ब्रेड खाने से इंसानों में कैंसर होता है। उन्होंने बताया कि लोग अक्सर एक्रिलामाइड नामक पदार्थ को इसका कारण मानते हैं। हालांकि जानवरों पर बहुत अधिक मात्रा में किए गए कुछ परीक्षणों में इसके प्रभाव देखे गए हैं, लेकिन सामान्य मात्रा में ब्रेड खाने और इंसानों में कैंसर के बीच कोई स्पष्ट वैज्ञानिक संबंध स्थापित नहीं हुआ है।

एक्रिलामाइड सिर्फ ब्रेड में नहीं बनता

डॉक्टर के मुताबिक एक्रिलामाइड केवल ब्रेड में नहीं बनता। यह समोसा, कचौड़ी, फ्रेंच फ्राइज और अधिक तापमान पर तली या ज्यादा भुनी हुई कई खाद्य वस्तुओं में भी बन सकता है। उन्होंने सलाह दी कि ऐसे खाद्य पदार्थों का सीमित मात्रा में सेवन करना बेहतर है, लेकिन केवल ब्रेड को कैंसर की वजह मानना सही नहीं है।

सफेद, ब्राउन और मल्टीग्रेन ब्रेड में क्या अंतर है

डॉ. जयेश शर्मा के अनुसार, होल व्हीट और मल्टीग्रेन ब्रेड पोषण के लिहाज से सफेद ब्रेड की तुलना में बेहतर विकल्प मानी जाती हैं। वहीं उन्होंने बताया कि बाजार (Cancer Myths) में मिलने वाली कई ब्राउन ब्रेड केवल रंग मिलाकर तैयार की जाती हैं। इसलिए हर ब्राउन ब्रेड को पौष्टिक मान लेना सही नहीं है। खरीदते समय सामग्री की सूची पढ़ना बेहतर रहता है।

क्या गैस पर सिकी रोटी से कैंसर होता है

डॉक्टर ने इस धारणा को भी गलत बताया कि गैस पर सीधे सिकी रोटी में गैस के रसायन चले जाते हैं और इससे कैंसर होता है। उनके अनुसार गैस पूरी तरह जलने के बाद उसके अवशेष रोटी में इस तरह नहीं पहुंचते कि उससे कैंसर का खतरा पैदा हो जाए। इसलिए सामान्य तरीके से गैस पर सिकी रोटी खाना सुरक्षित माना जाता है।

ज्यादा जली हुई रोटी से बचने की सलाह

हालांकि डॉक्टर ने यह जरूर कहा कि यदि रोटी या अन्य खाद्य पदार्थ बहुत ज्यादा जल जाएं और उन पर काले हिस्से बन जाएं, तो उनमें एक्रिलामाइड बनने की संभावना बढ़ सकती है। इसलिए रोटी को हल्की आंच पर अच्छी तरह पकाना चाहिए और उसे जरूरत से ज्यादा जलाने से बचना चाहिए।

Related Articles

Back to top button