छत्तीसगढ़

स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती, 20 नवंबर से आवेदन शुरू

रायपुर. छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में संक्षिप्त विज्ञापन जारी कर दिया है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 20 नवंबर 2026 से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।

लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन विभागीय वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in  पर उपलब्ध कराया गया है। अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर व्यक्तिगत रूप से अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं।

इन पांच संभागों में जमा होंगे आवेदन

अभ्यर्थी अपना आवेदन कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर एवं सरगुजा में जमा कर सकेंगे। सभी कार्यालयीन दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित कार्यालयों के अलावा किसी अन्य कार्यालय में जमा किए गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

एक ही आवेदन सभी संभागों के लिए मान्य

भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक जिले अथवा संभाग के लिए अलग-अलग आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। एक ही आवेदन पत्र सभी जिलों एवं संभागों में विज्ञापित रिक्त पदों के लिए मान्य रहेगा।  निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

वेबसाइट पर मिलेगी भर्ती की पूरी जानकारी

स्पेशल एजुकेटर पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, पात्रता की शर्तें और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी विस्तृत विज्ञापन में उपलब्ध है। अभ्यर्थी आवेदन का निर्धारित प्रारूप भी विभागीय वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन की स्थिति, आवेदन अमान्य होने की जानकारी, मेरिट सूची, चयन प्रक्रिया और भर्ती से संबंधित अन्य सूचनाओं के लिए विभागीय वेबसाइट का नियमित अवलोकन करें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं वेबसाइट पर ही जारी की जाएंगी। इस संबंध में अभ्यर्थियों से व्यक्तिगत पत्राचार नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button