Paddy Harvesting Crisis: छत्तीसगढ़ में बारिश से बढ़ी ठंड, किसानों की धान कटाई पर फिर संकट

चक्रवात अकवान के कारण हो रही बारिश, सब्जियों की फसल को नुकसान
रायपुर/नवप्रदेश। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अकवान (Paddy Harvesting Crisis) का असर अब दिखाई देने लगा है। देर रात प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई, जिससे तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। राजधानी रायपुर, भिलाई-दुर्ग, राजनांदगांव, कवर्धा, बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर समेत कई इलाकों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम में आए बदलाव (Paddy Harvesting Crisis) के चलते रायपुर संभाग सहित प्रदेश के कई हिस्सों में रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, दुर्ग-भिलाई, कवर्धा, बिलासपुर, अंबिकापुर और धमतरी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के साथ कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता
चक्रवात (Paddy Harvesting Crisis) का असर प्रदेश के कई जिले में भी देखने को मिल रहा है, जहां रात से कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम के इस बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में धान पककर तैयार है, लेकिन बारिश के कारण कटाई प्रभावित होने और फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। खेतों तक हार्वेस्टर नहीं पहुंच पा रहे हैं। पिछली बारिश के बाद खेतों में नमी अधिक होने से किसान कटाई नहीं कर पा रहे थे। बीते कुछ दिनों की धूप से खेत सूखने लगे थे और किसानों को फसल जल्द समेटने की उम्मीद थी, लेकिन फिर बारिश शुरू होने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। लगातार बारिश होने पर धान भीगने, खेतों में गिरने और गुणवत्ता खराब होने का खतरा है।
धान खरीदी की रफ्तार पर असर
प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन में अभी बड़ी संख्या में किसानों की फसल खेतों में ही खड़ी है। इसके चलते खरीदी केंद्रों तक धान की आवक अपेक्षाकृत कम बनी हुई है। यदि बारिश का दौर जारी रहता है तो कटाई में और देरी हो सकती है, जिससे खरीदी केंद्रों तक धान पहुंचने की रफ्तार प्रभावित होने की आशंका है।
खरीदी अवधि बढ़ाने के आश्वासन पर किसानों की नजर
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को बलौदाबाजार दौरे के दौरान किसानों को भरोसा दिलाया था कि जरूरत पडऩे पर धान खरीदी की अवधि बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है। अब मौसम की मार झेल रहे किसानों को राहत की उम्मीद सरकार के अगले फैसले से है। फिलहाल किसानों के सामने फसल को मौसम से बचाने और जल्द कटाई कर खरीदी केंद्रों तक पहुंचाने की चुनौती है। वहीं, बारिश का आगे का रुख धान खरीदी व्यवस्था की गति तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।



