राजनीति

CG Assembly Monsoon Session : नकटी बुलडोजर कार्रवाई पर विधानसभा में हंगामा, कांग्रेस के विधायक निलंबित

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन नकटी बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। शून्यकाल में कांग्रेस ने स्थगन प्रस्ताव लाकर नवा रायपुर के नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने का मुद्दा उठाया। विपक्ष ने इसे मानवाधिकारों का उल्लंघन बताते हुए सरकार से जवाब मांगा, जबकि सरकार ने पूरी कार्रवाई को कानून और न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुरूप बताया। स्पीकर डॉ. रमन सिंह द्वारा स्थगन प्रस्ताव अस्वीकार किए जाने के बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन के गर्भगृह में पहुंचकर नारेबाजी की, जिसके बाद सभी कांग्रेस विधायक निलंबित कर दिए गए।

नकटी कार्रवाई को सरकार ने बताया संवैधानिक CG Assembly Monsoon Session

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने सदन में कहा कि नकटी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई। सभी अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस जारी किए गए थे और कब्जा हटाने से पूर्व विधिवत सूचना भी दी गई थी। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था भी की गई है तथा कार्रवाई के दौरान किसी के घरेलू सामान को नुकसान नहीं पहुंचाया गया।

कांग्रेस ने बुलडोजर कार्रवाई पर सरकार को घेरा

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में बुलडोजर संस्कृति लगातार बढ़ रही है। विपक्ष का कहना था कि नकटी के गरीब परिवारों के साथ अन्याय हुआ है और उन्हें उनके गांव में ही पुनर्वास मिलना चाहिए। कांग्रेस ने इस पूरे मामले पर सदन में विस्तृत चर्चा की मांग की, लेकिन स्थगन प्रस्ताव खारिज होने के बाद सदन में जोरदार हंगामा हुआ।

अमानक दवाइयों की खरीद पर भी सरकार से सवाल

विधानसभा में गुजरात की यूनिक्योर इंडिया लिमिटेड की कथित अमानक दवाइयों की खरीद का मुद्दा भी उठा। विधायक अटल श्रीवास्तव ने सरकार से पूछा कि गुजरात में प्रतिबंधित दवा बनाने वाली कंपनी से छत्तीसगढ़ में दवा खरीद क्यों की गई। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जवाब दिया कि जिस दवा पर गुजरात में प्रतिबंध लगाया गया था, उसकी खरीद छत्तीसगढ़ में नहीं की गई। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में गुणवत्ता परीक्षण में फेल होने वाली 24 दवाओं के मामलों में चार कंपनियों को ब्लैकलिस्ट किया गया है।

पीएम ग्राम सड़क योजना पर विपक्ष के सवाल CG Assembly Monsoon Session

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों की मरम्मत को लेकर भी सदन में सवाल-जवाब हुए। विधायक प्रबोध मिंज ने अपने क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत का मुद्दा उठाया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि अधिकांश सड़कों का नवीनीकरण पहले ही किया जा चुका है और शेष सड़कों की मरम्मत आवश्यकता के अनुसार कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि अब सड़क सर्वेक्षण के लिए AI तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों का स्वतः आकलन हो सकेगा।

इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार पर चर्चा

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार और एक आईबी जवान की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि किसी को बचाने की कोशिश नहीं की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 के आकलन के अनुसार रिजर्व में पांच बाघों की पुष्टि हुई थी तथा यहां हर वर्ष लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं।

Related Articles

Back to top button