चक्रवाती तूफान अकवान से फसलों को नुकसान की आशंका, कृषि विभाग ने किसानों के लिए जारी की एडवाइजरी

रायपुर. चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से बेमेतरा जिले में हुई असामयिक बारिश और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। विभाग ने किसानों से खड़ी फसल के साथ-साथ कटाई के बाद खेतों एवं खलिहानों में रखी धान की फसल को सुरक्षित रखने की अपील की है। वहीं, फसल को नुकसान होने पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 72 घंटे के भीतर सूचना दर्ज कराने कहा गया है।
कृषि विभाग के अनुसार असामयिक वर्षा के कारण खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल के भीगने तथा अधिक नमी से खराब होने की आशंका है। ऐसे में किसानों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। विभाग ने किसानों से घबराने के बजाय समय रहते फसल सुरक्षा के उपाय अपनाने और नुकसान होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करने की अपील की है।
72 घंटे के भीतर दर्ज कराएं फसल नुकसान की सूचना
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिन किसानों की बीमित फसल को चक्रवाती तूफान और असामयिक बारिश से नुकसान पहुंचा है, उन्हें नुकसान होने के 72 घंटे के भीतर इसकी सूचना देनी होगी। किसान कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
समय पर सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 10 दिनों के भीतर प्रभावित फसल का सर्वेक्षण कराया जाएगा। इसमें फसल की वास्तविक स्थिति, नुकसान की प्रकृति और क्षति का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्र किसानों के बीमा दावों का निराकरण किया जाएगा।
कटाई के बाद रखी धान की फसल को भी बीमा सुरक्षा
कृषि विभाग ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी गई बीमित धान की फसल यानी करपा को भी निर्धारित शर्तों के अनुसार बीमा सुरक्षा मिलती है। यह प्रावधान फसल कटाई के बाद अधिकतम 14 दिनों की अवधि तक लागू होता है। इस दौरान निर्धारित जोखिमों के कारण फसल को नुकसान होने पर किसान निर्धारित समय-सीमा में सूचना देकर बीमा दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।
खड़ी फसल में जलभराव होने पर होगा नुकसान का आकलन
खेतों में खड़ी फसल में जलभराव की स्थिति निर्मित होने पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुसार नुकसान का आकलन किया जाएगा। ऐसे मामलों में फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त उपज संबंधी आंकड़ों के आधार पर बीमा दावा भुगतान की गणना होगी।
शिकायत के लिए ये जानकारी रखें तैयार
फसल नुकसान की सूचना दर्ज कराते समय किसानों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, ग्राम, तहसील एवं जिले का नाम, खेत का खसरा नंबर, बीमित फसल का नाम, बीमा पॉलिसी नंबर, नुकसान का विवरण और नुकसान की तारीख की जानकारी देनी होगी।
इसके अलावा किसानों को संबंधित पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी फसल नुकसान की सूचना तत्काल देने कहा गया है। प्रभावित किसान अपनी फसल की तस्वीरें और वीडियो बनाकर सुरक्षित रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर नुकसान के आकलन में सहायता मिल सके।
तिरपाल और पॉलिथीन से ढककर रखें धान
कृषि विभाग ने किसानों को खलिहानों और खेतों में रखी धान की फसल को पॉलिथीन अथवा तिरपाल से अच्छी तरह ढककर रखने की सलाह दी है। जहां संभव हो, धान को ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखें तथा आसपास पानी जमा न होने दें। विभाग ने अपील की है कि किसान मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें और फसल को नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी को सूचना दें, ताकि पात्रता के अनुसार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ मिल सके।



