छत्तीसगढ़

नगरी में अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, चार प्रतिष्ठानों से 245.60 क्विंटल धान जब्त

रायपुर. समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध धान के कारोबार पर अंकुश लगाने जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने चार अलग-अलग प्रतिष्ठानों में छापामार कार्रवाई करते हुए कुल 245.60 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान की मात्रा 614 कट्टा है। संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।

कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त जांच दल ने नगरी क्षेत्र के विभिन्न धान भंडारण स्थलों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गोदामों में उपलब्ध धान की मात्रा का भंडारण संबंधी दस्तावेजों एवं अभिलेखों से मिलान किया गया। जांच में निर्धारित नियमों के अनुरूप दस्तावेज नहीं मिलने और भंडारण में अनियमितताएं पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलरगांव स्थित भानुराम साहू के गोदाम से 81 कट्टा यानी 32.40 क्विंटल धान जब्त किया गया। इसी तरह गट्टासिल्ली स्थित एसके फूड्स मिल के गोदाम से 233 कट्टा यानी 93.20 क्विंटल तथा सफीका धान कुटाई केंद्र से 140 कट्टा यानी 56 क्विंटल धान जब्त किया गया।

वहीं, गेदरा स्थित रजा राइस इंडस्ट्रीज के गोदाम से 160 कट्टा यानी 64 क्विंटल धान जब्त किया गया। इस प्रकार चारों प्रतिष्ठानों से कुल 614 कट्टा धान की जब्ती की गई। जब्त धान को नियमानुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों की सुपुर्दगी में रखा गया है। कार्रवाई में भानुराम साहू, आसिफ मेमन, जावेद मेमन एवं जमीला बानो से संबंधित प्रतिष्ठान शामिल हैं।

0 धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने लगातार निगरानी

जिला प्रशासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण, अनधिकृत परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके लिए धान उपार्जन केंद्रों के साथ राइस मिलों, गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी जांच अभियान चलाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button