संजय राउत ने क्यों की CM योगी आदित्यनाथ की तारीफ, बताया हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो रही है। समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को अपना घोषणापत्र भी जारी कर दिया है। वहीं, भाजपा भी चुनावी तैयारियों में लगी हुई है। हालांकि, इस बीच INDIA अलायंस की सहयोगी शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने हैरान कर देने वाला बयान जारी है। संजय राउत ने कहा है उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की है और कहा है कि वो भी योगी जी को बहुत प्यार करते हैं।
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत से रिपोर्टर ने कहा- योगी आदित्यनाथ ने खुद को ही सीएम पद का उम्मीदवार बताया है, बीजेपी में ऐसा कभी नहीं हुआ था? इस पर संजय राउत ने कहा- “अगर योगी जी ने खुद को डिक्लेयर किया है तो ये काबिले तारीफ है। काबिल आदमी हैं। हम भी योगी जी को बहुत प्यार करते हैं। योगी जी हिंदुत्व का एक ऐसा चेहरा हैं जो सबसे ऊपर हैं। और अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं। योगी जी ही रहेंगे न यूपी में। तो योगी जी ने अगर खुद को कहा है कि मैं मुख्यमंत्री हूं, तो योगी जी को पूरा विश्वास है कि यूपी में उनका बहुमत आएगा और बहुमत में योगी जी को समर्थन देने वाले विधायक ज्यादा से ज्यादा रहेंगे। क्योंकि विधायक दल का नेता मुख्यमंत्री चुना जाता है। योगी जी को पूरा विश्वास है कि पूरे जो विधायक आएंगे वो उनका समर्थन करेंगे।” रिपोर्टर ने पूछा- कुछ लोगों के नाराज होने की खबरें आ रही हैं। इस पर संजय राउत ने कहा- सभी पार्टी में ऐसा होता है।

संजय राउत पहले भी कर चुके हैं योगी की तारीफ
संजय राउत का यह बयान इसलिए भी खास है क्योंकि शिवसेना (UBT) इंडिया गठबंधन का हिस्सा है, जो बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है. इसके बावजूद राउत ने योगी की तारीफ में कोई कसर नहीं छोड़ी. इसके अलावा यह कोई पहला मौका नहीं है, जब संजय राउत ने सीएम योगी की तारीफ की हो. इसे पहले भी 2022 में यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत के बाद राउत ने कहा था कि लोकतंत्र में उन लोगों की तारीफ करनी चाहिए, जिन पर लोग विश्वास करते हैं, एक बार उन्होंने सीएम योगी को अपना अच्छा दोस्त बताया था.
यूपी में चुनावी हलचल तेज
यूपी में विधानसभा चुनाव की हलचल तेज हो गई है. इस बीच योगी आदित्यनाथ यूपी के सीएम के तौर पर 10 साल पूरे कर चुके हैं. 2017 में वह पहली बार सीएम बने थे, जबकि 2022 में दोबारा से सीएम चुने गए थे. एक तरफ बीजेपी तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है, तो दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी भी तैयारियों में जुटी है. ऐसे में राउत का यह बयान इंडिया गठबंधन के अंदर भी चर्चा का विषय बन गया है.



