जांजगीर नैला-चांपा के बीच चौथी रेल लाइन का महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया संरक्षा निरीक्षण

बिलासपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने गुरुवार को बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत जांजगीर नैला-चांपा स्टेशनों के मध्य नवनिर्मित चौथी रेल लाइन का संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल परिचालन की क्षमता, सुगमता और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर राकेश रंजन सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रधान मुख्य इंजीनियर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक, प्रधान मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर तथा प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर शामिल थे।

महाप्रबंधक ने चांपा स्टेशन को नवनिर्मित चौथी रेल लाइन से जोड़ने तथा जांजगीर नैला-चांपा रेलखंड में ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित करने के लिए प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य की तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया।
उन्होंने नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के तकनीकी पहलुओं, सिग्नलिंग एवं दूरसंचार उपकरणों, रेल लाइन कनेक्टिविटी, परिचालन व्यवस्था और कार्य निष्पादन की योजना की समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को संरक्षा मानकों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि चौथी रेल लाइन परियोजना के कार्यों को सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।



