छत्तीसगढ़

डीएमएफ फंड से स्थानीय विकास और जनकल्याण को दें प्राथमिकता : मुख्य सचिव विकासशील

रायपुर. मुख्य सचिव विकासशील ने कहा है कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) की राशि का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों के स्थानीय विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किया जाना चाहिए। इसके लिए स्थानीय जरूरतों का सर्वेक्षण कर योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

मंत्रालय महानदी भवन में गुरुवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में जिला खनिज न्यास की राज्य स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के तहत डीएमएफ फंड के उपयोग, विकास कार्यों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई।

तीन वर्षीय कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक जिले में खनन प्रभावित गांवों की आवश्यकताओं, उपलब्ध सुविधाओं और अधोसंरचना की स्थिति का आकलन किया जाए। इसके आधार पर तीन वर्षीय कार्ययोजना तैयार की जाए, जिसमें प्रस्तावित विकास कार्यों का स्पष्ट विवरण हो।

उन्होंने राज्य बजट की योजनाओं और डीएमएफ से प्रस्तावित कार्यों की मैपिंग एवं तुलनात्मक समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि एक ही कार्य पर दोबारा राशि खर्च न हो। साथ ही यह भी आकलन करने को कहा कि कौन से गांव बुनियादी सुविधाओं से संतृप्त हो चुके हैं और किन गांवों में अभी विकास की आवश्यकता है।

ग्राम सभाओं में साझा होगी खर्च की जानकारी

बैठक में एलडब्ल्यूई प्रभावित जिलों में फंड वितरण, खदानों की सूची, अंतर-जिला वितरण व्यवस्था, वार्षिक ऑडिट, पीएमयू की तैनाती और सोशल ऑडिट जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्य सचिव ने वित्तीय वर्ष के अंत में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर डीएमएफ से कराए गए कार्यों और व्यय की जानकारी ग्रामीणों के साथ साझा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पेयजल, पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल कल्याण, वृद्धजन और दिव्यांगजन कल्याण, कौशल विकास, स्वच्छता, पशुपालन एवं कृषि क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केवल खर्च की राशि देखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी आकलन किया जाना चाहिए कि इन कार्यों से लोगों के जीवन स्तर में कितना सकारात्मक बदलाव आया है।

सार्वजनिक परिसंपत्तियों पर लगाए जाएंगे क्यूआर कोड

डीएमएफ कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए सीजी डीएमएफ पोर्टल 2.0 का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों और सामुदायिक भवनों जैसी सार्वजनिक परिसंपत्तियों पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे।

नागरिक इन क्यूआर कोड को स्कैन कर संबंधित परिसंपत्ति और पोर्टल के माध्यम से विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रमुख सचिव डॉ. रोहित यादव एवं डॉ. कमलप्रीत सिंह, सचिव खनिज साधन विभाग पी. दयानंद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button