रामायण नाटक में हनुमान का किरदार निभाते समय कलाकार की मौत, मंच पर अचानक गिरे मिथुन प्रधान

गंजाम। ओडिशा के गंजाम जिले में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित रामायण नाटक के दौरान एक दर्दनाक घटना हो गई। मंच पर हनुमान का किरदार निभा रहे 35 वर्षीय कलाकार मिथुन प्रधान की अचानक गिरने से मौत हो गई। प्रस्तुति के दौरान हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी कलाकार और ग्रामीण उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद नाटक का मंचन बीच में ही रोकना पड़ा।
हनुमान का अभिनय करते समय मंच पर गिरे
घटना मंगलवार रात पाटापुर थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव की है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर ग्रामीणों ने रामायण नाटक का आयोजन किया था। इसमें मिथुन प्रधान हनुमान की भूमिका निभा रहे थे। नाटक के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह मंच पर गिर पड़े। उन्हें गिरता देख वहां मौजूद लोग घबरा गए और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
हार्ट अटैक की आशंका, मौत की वजह स्पष्ट नहीं
ग्रामीणों को आशंका है कि मिथुन प्रधान की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई होगी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पाटापुर थाना प्रभारी दीप्ति रंजन बेहरा के मुताबिक, पुलिस को घटना के संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है और न ही इस मामले में कोई प्रकरण दर्ज किया गया है।
बाली के किरदार से भी मिली थी पहचान
मिथुन प्रधान गांव के लोकप्रिय रंगमंच कलाकार होने के साथ अपने थिएटर ग्रुप का प्रबंधन भी संभालते थे। वह रामायण के नाटकों में हनुमान के अलावा बाली जैसे महत्वपूर्ण किरदार निभा चुके थे। अपने अभिनय के साथ हैरतअंगेज करतबों के लिए भी उनकी अलग पहचान थी। ग्रामीणों के अनुसार, वह बैलगाड़ी का पहिया उठाने और दांतों से मोटरसाइकिल उठाने जैसे करतब दिखाते थे। उनका थिएटर ग्रुप गंजाम सहित आसपास के जिलों में लोकप्रिय था।
कलाकार की मौत से गांव में शोक
अभिनय के अलावा मिथुन प्रधान छोटे कारोबारी भी थे और गांव में नाश्ते की दुकान चलाते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार, ग्रामीणों और साथी कलाकारों में शोक की लहर है। जिस मंच पर कुछ देर पहले तक जय श्रीराम के जयकारे और तालियां गूंज रही थीं, वहां कलाकार की मौत के बाद सन्नाटा पसर गया।



