छत्तीसगढ़

जन्मदिन पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने दी 6.63 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

बिलासपुर. उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर तखतपुर और कोटा क्षेत्र के नागरिकों को 6.63 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने नगर पालिका कोटा में 1.98 करोड़ रुपये तथा तखतपुर में 4.65 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ विकास को नई गति मिलेगी।

तखतपुर के राम सदन में आयोजित कार्य प्रारंभ समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री साव ने शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय भवन निर्माण तथा तखतपुर-बरेला के मध्य मनियारी नदी पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

छात्राओं को मिलेगी उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा

तखतपुर में कन्या महाविद्यालय भवन के निर्माण से क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे स्थानीय छात्राओं को शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा।

वहीं मनियारी नदी पर उच्चस्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण से तखतपुर-बरेला के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा। आसपास के गांवों के लोगों को भी इससे बड़ी राहत मिलेगी।

कोटा में नाली, सीसी रोड और स्कूलों में बनेंगे शेड

उप मुख्यमंत्री ने नगर पालिका कोटा में 1.98 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भी भूमिपूजन किया। इस राशि से नगर में नाली और सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा कन्या शाला में मंच एवं शेड तथा डीकेपी शाला में शेड का निर्माण किया जाएगा।

इन कार्यों से नगर की बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी और विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक गतिविधियों के लिए सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।

नागरिक अभिनंदन पर जताया आभार

कार्यक्रम के दौरान अरुण साव ने जन्मदिवस के अवसर पर तखतपुर और कोटा के नागरिकों, सर्व समाज, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजनों द्वारा किए गए नागरिक अभिनंदन के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए बेहद भावुक एवं अविस्मरणीय है। उन्होंने सभी का हृदय से धन्यवाद देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Related Articles

Back to top button