छत्तीसगढ़

10 घंटे के भीतर उरला पुलिस ने दो अपहृत नाबालिग बालिकाओं को किया सकुशल बरामद, परिजनों से मिलाया

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपहरण के दो मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर दो अपहृत नाबालिग बालिकाओं को जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सरसींवा क्षेत्र से सकुशल बरामद कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार, थाना उरला क्षेत्र से दो नाबालिग बालिकाओं के लापता होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 615/2026 एवं 616/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप ने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके नेतृत्व में एडीसीपी श्री आदित्य पांडे एवं एसीपी उरला सुश्री पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री सुधांशु बघेल के नेतृत्व में टीम ने बालिकाओं की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता, आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। प्राप्त सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण करते हुए पुलिस संभावित स्थानों तक पहुंची। लगातार प्रयासों के बाद दोनों बालिकाओं को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसींवा क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई में वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन, टीम का आपसी समन्वय और त्वरित सूचना संकलन महत्वपूर्ण रहा। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों बालिकाओं को सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

बच्चों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता

रायपुर कमिश्नरेट ने महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्पष्ट किया है कि उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी बालक या बालिका के लापता होने की स्थिति में बिना देर किए तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button