छत्तीसगढ़

वेस्ट माइनिंग विवाद के बीच NMDC के जीएम एचआर सुधांशु वर्मा निलंबित

जगदलपुर। किरंदुल में वेस्ट माइनिंग और उससे जुड़े पर्यावरणीय नुकसान को लेकर चल रहे विवाद के बीच एनएमडीसी प्रबंधन ने अपने एक वरिष्ठ अधिकारी पर कार्रवाई की है। किरंदुल परियोजना में पदस्थ जनरल मैनेजर (एचआर) सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। 24 नवंबर 2026 को जारी निलंबन आदेश के बाद खनन परियोजना से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब वेस्ट माइनिंग को लेकर प्रभावित ग्रामीणों में नाराजगी है और राजनीतिक दल भी इस मुद्दे पर एनएमडीसी को घेर रहे हैं। हालांकि, प्रबंधन की ओर से जारी आदेश में निलंबन के स्पष्ट कारणों का उल्लेख नहीं किया गया है। इससे कार्रवाई को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

ग्रामीणों के विरोध के बाद राजनीतिक दलों ने भी उठाए सवाल

दरअसल, किरंदुल में वेस्ट माइनिंग से जुड़े मामले को लेकर पिछले दिनों स्थानीय स्तर पर विरोध तेज हुआ था। प्रभावित ग्रामीणों ने खनन गतिविधियों से जंगल, पर्यावरण और स्थानीय आबादी पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता जताई थी। मामला राजनीतिक स्तर पर भी पहुंचा। कांग्रेस के सात सदस्यीय जांच दल ने किरंदुल पहुंचकर वेस्ट माइनिंग प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया था। जांच दल ने मौके की स्थिति का जायजा लेकर एनएमडीसी की कार्यप्रणाली और प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान को लेकर सवाल उठाए थे।

वहीं, वन विभाग की अधिकारी स्टायलो मंडावी के बयान और स्थानीय स्तर पर सामने आए तथ्यों के बाद भी यह मामला चर्चा में रहा। खनन गतिविधियों के विस्तार के साथ प्रभावित गांवों, जंगलों और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एनएमडीसी की जवाबदेही पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

अनुशासनात्मक कार्रवाई का दिया गया हवाला

एनएमडीसी लिमिटेड के हैदराबाद स्थित निदेशालय से 24 नवंबर 2026 की देर शाम जारी आदेश में सुधांशु वर्मा, जनरल मैनेजर (एचआर), बीआईओएम किरंदुल कॉम्प्लेक्स को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। आदेश में एनएमडीसी कर्मचारी आचरण, अनुशासन एवं अपील नियम, 1978 के नियम 20 का हवाला दिया गया है। इसमें उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित होने की बात कही गई है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय किरंदुल कॉम्प्लेक्स निर्धारित किया गया है। साथ ही कार्यकारी निदेशक की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक लगाई गई है।

कांग्रेस जांच दल को निरीक्षण की अनुमति देने की चर्चा

सुधांशु वर्मा के निलंबन को लेकर एक चर्चा यह भी है कि हाल ही में किरंदुल पहुंचे कांग्रेस के सात सदस्यीय जांच दल को वेस्ट माइनिंग प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने की अनुमति देने में उनकी भूमिका थी। इसी वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस संबंध में एनएमडीसी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

निलंबन आदेश में भी इस तरह की किसी भूमिका का उल्लेख नहीं है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अधिकारी के खिलाफ किस आधार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

ग्रामीणों को नुकसान की जांच का इंतजार

वरिष्ठ अधिकारी के निलंबन के बाद अब वेस्ट माइनिंग से जुड़े पूरे मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। क्या प्रबंधन की कार्रवाई केवल एक अधिकारी के निलंबन तक सीमित रहेगी या प्रभावित ग्रामीणों की शिकायतों, जंगलों और पर्यावरण को हुए नुकसान की भी जांच होगी? फिलहाल इन सवालों पर एनएमडीसी प्रबंधन की ओर से स्थिति स्पष्ट किया जाना बाकी है।

Related Articles

Back to top button