रायपुर में ज्वेलर्स दुकान में डकैती की कोशिश करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार

रायपुर. राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स दुकान में डकैती की कोशिश करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में तीन आरोपियों सहित विधि से संघर्षरत एक बालक और एक बालिका को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लोहे का कटर, हेलमेट और चार मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार सदर बाजार निवासी सुरेश ढीमन खमतराई के श्रीनगर में सुरेश ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करते हैं। वे 13 नवंबर 2026 को दुकान बंद कर अपने निजी काम से बाहर चले गए थे। 18 नवंबर को वापस लौटने पर उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की।
फुटेज में सामने आया कि 17 नवंबर की रात करीब 12 बजे अज्ञात आरोपियों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को कागज चिपकाकर ढंक दिया था। इसके बाद गैस कटर की सहायता से दुकान का ताला काटने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी किसी कारणवश चोरी की वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके।
इस मामले में थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1256/26 के तहत धारा 331(4), 305 एवं 62 बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली जानकारी
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) श्रीमती दीपमाला कश्यप ने संबंधित अधिकारियों को आरोपियों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही प्रार्थी और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मुखबिरों के माध्यम से आरोपियों की पतासाजी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर खमतराई निवासी वासुदेव सरकार, गुंजन बार और नाज नौशाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने अपने एक साथी बालक और एक बालिका के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों को भी पकड़ लिया।
डकैती के प्रयास की धारा जोड़ी गई
पुलिस के अनुसार मामले में डकैती के प्रयास से संबंधित साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 310(4) बीएनएस भी जोड़ी गई है। सभी पांचों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में वासुदेव सरकार (25 वर्ष), गुंजन बार (18 वर्ष) और नाज नौशाद सनादी (34 वर्ष) शामिल हैं। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक और एक बालिका भी पकड़े गए हैं।



