Jharkhand News : हेमंत सोरेन ने दिखाई सख्ती, जमशेदपुर और सरायकेला में बड़े प्रशासनिक फैसले से मचा हड़कंप
झारखंड में कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला (Jharkhand News) लेते हुए पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पाण्डेय और सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी को तत्काल उनके पद से हटाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने दोनों अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफलता और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रख पाने का जिम्मेदार मानते हुए उन्हें पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने का आदेश दिया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सरकार ने चाईबासा के आयुक्त और रांची के एडीजी को प्रभावित क्षेत्र में लगातार कैंप कर स्थिति की प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। वहीं डीआईजी को जमशेदपुर में रहकर कानून व्यवस्था की निगरानी करने को कहा गया है, ताकि हालात पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
करणी सेना नेता की हत्या के बाद कार्रवाई Jharkhand News
यह कार्रवाई जमशेदपुर के बिष्टुपुर क्षेत्र में करणी सेना के युवा नेता हिमांशु कुमार सिंह की हत्या के बाद हुई है। शनिवार रात डबल डाउन बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी में बदमाशों ने हिमांशु और उनके साथी पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल हिमांशु की सोमवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में बार संचालक और भाजपा नेता नीरज कुमार सिंह समेत 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
सीसीटीवी से उठे पुलिस की भूमिका पर सवाल
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हमलावर बेखौफ चाकूबाजी करते दिखाई (Jharkhand News) दे रहे हैं। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं। करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने बिष्टुपुर गोलचक्कर पर प्रदर्शन कर सड़क जाम किया और कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की। हमले में घायल प्रत्युष आनंद का इलाज कोलकाता के अस्पताल में चल रहा है।



