CG winter news: उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ी, बलरामपुर में 8.3 डिग्री पारा

- 18 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से कम, अगले 5 दिन राहत नहीं
रायपुर/नवप्रदेश। छत्तीसगढ़ में मौसम (CG winter news) साफ होने के बाद रात की ठंड बढ़ रही है। उत्तर छत्तीसगढ़ में इसका असर सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है। बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.3 डिग्री पहुंच गया है। वहीं अंबिकापुर में 8.9 और सूरजपुर में 11.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके उलट दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर और सुकमा में रातें गर्म हैं। सुकमा में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री रहा। बलरामपुर और सुकमा के तापमान में 9.9 डिग्री का अंतर है।
रायपुर में भी रात का तापमान 16.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है। हालांकि प्रदेश के मैदानी और उत्तरी जिलों में रात का पारा लगातार नीचे बना हुआ है। धमतरी में 13, गरियाबंद में 12.3 रायगढ़ में 12.6 और कोरबा में 12.5 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 18 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है।



