छत्तीसगढ़

Mahadev Satta: महादेव सट्टा केस: हिमांशु शेखर को 10 दिसंबर तक जेल

  • सौरभ से 15 करोड़ लेने के आरोप को बताया गलत, जेल में सुरक्षा की मांग की

रायपुर/नवप्रदेश। महादेव (Mahadev Satta) ऑनलाइन सट्टा केस में 15 करोड़ रुपये लेने वाले दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को शनिवार को रायपुर की विशेष पीएमएलए कोर्ट ने 10 दिसंबर तक जेल भेज दिया। 28 नवंबर तक मिली ईडी की कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद एजेंसी ने उससे आगे पूछताछ के लिए रिमांड नहीं मांगी। ईडी ने 14 दिन की न्यायिक रिमांड की मांग की थी। इस पर कोर्ट ने 10 दिसंबर तक उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।

इधर, हिमांशु ने ईडी के आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि उसने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से कोई पैसा नहीं लिया है। उसने यह भी कहा कि ईडी के पास इस लेन-देन का कोई सबूत नहीं है। पूछताछ के दौरान उसने एजेंसी के सभी सवालों के जवाब दिए हैं।

बचाव पक्ष बोला- सौरभ से कोई लेन-देन नहीं

हिमांशु के वकील फैजल रिजवी ने कोर्ट में कहा कि 15 करोड़ रुपये लेने के आरोप का समर्थन करने के लिए कोई बैंक ट्रांजेक्शन या दूसरा ठोस सबूत नहीं है। उन्होंने बताया कि हिमांशु किसी बार काउंसिल में वकील के रूप में पंजीकृत नहीं है, बल्कि एक लॉ फर्म में काम करता है। बचाव पक्ष के मुताबिक, जिस लॉ फर्म ने सौरभ चंद्राकर के लिए काम किया था, उसी फर्म ने हिमांशु को पैसे दिए थे। इसका सौरभ से सीधे कोई लेन-देन नहीं है।

केस रफा-दफा कराने के नाम पर लिए 15 करोड़

दरअसल, हिमांशु पर आरोप है कि उसने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपये लिए थे। इसके लिए उसने जज और अधिकारियों को मैनेज करने का भरोसा दिलाया था। ईडी इस कथित लेन-देन के साथ हिमांशु और सौरभ के बीच दुबई में हुई मुलाकातों की भी जांच कर रही है। ईडी को सौरभ से पूछताछ के दौरान हिमांशु के बारे में जानकारी मिली थी।

Related Articles

Back to top button