CG Rice Export: छत्तीसगढ़ के सुगंधित धान का बढ़ा रुतबा, विदेशी बाजारों में खुल रहे कमाई के नए रास्ते

- विदेशों तक धान के कटोरे की खुशबू, सुगंधित चावल से किसानों की कमाई बढऩे की उम्मीद
- खुशबू और स्वाद के लिए पहचाने जाते हैं दुबराज, जीराफूल, जवाफूल, कालीमूंछ
- सुगंधित चावल से किसानों की कमाई बढऩे विष्णुदेव साय सरकार की नई पहल
संदीप दीवान
रायपुर/नवप्रदेश। धान का कटोरा कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ (CG Rice Export) की खुशबू अब सात समंदर पार तक पहुंच रही है। प्रदेश की पारंपरिक सुगंधित धान की किस्में अब केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विदेशी बाजारों में भी अपनी पहचान बना रही हैं। दुबराज, जंवा फूल, जीरा फूल, सुगंधा, बादशाह भोग और विष्णुभोग जैसे खुशबूदार चावलों की मांग लगातार बढ़ रही है।
भारतीय सुगंधित चावल के प्रति विदेशी उपभोक्ताओं की बढ़ती पसंद का लाभ अब छत्तीसगढ़ की पारंपरिक धान किस्मों को भी मिलने लगा है। स्वाद, खुशबू और विशिष्ट गुणवत्ता इन किस्मों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अलग पहचान दिला रही है। सुगंधित चावल से किसानों की कमाई बढऩे विष्णुदेव साय सरकार भी लगातार नई पहल कर रही है। स्पेन के बार्सिलोना में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल की ब्राडिंग करने पहुंची है।
सुगंधित धान (CG Rice Export) की बढ़ती मांग को देखते हुए राज्य सरकार भी इसके उत्पादन और खेती को प्रोत्साहित करने की दिशा में कदम उठा रही है। पिछले दिनों कृषि मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में बासमती सुगंधित धान की खेती का रकबा और उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके लिए इंडियन राईस एक्सपोर्ट फेडरेशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी हुई थी। दरअसल, सामान्य धान की तुलना में सुगंधित किस्मों का बाजार मूल्य अधिक है। ऐसे में कम उत्पादन के बाद भी बेहतर कीमत किसानों के लिए फायदे का सौदा है।
सुगंधित धान की खेती और निर्यात कारोबार बढ़ाने की जरूरत
जैविक खेती करने वाले दुर्ग के एक सफल किसान का कहना है कि छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सुगंधित चावल की विदेशों में अच्छी मांग है। निर्यात के जरिए देश को विदेशी मुद्रा भी मिल रही है। किसानों का मानना है कि यदि सरकार सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी, गुणवत्तापूर्ण बीज और उत्पादन के लिए प्रोत्साहन उपलब्ध कराए तो सुगंधित धान की खेती और निर्यात कारोबार को बड़े स्तर पर बढ़ाया जा सकता है।
बासमती निर्यात में 25.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी
भारतीय सुगंधित चावल की वैश्विक मांग में आई तेजी का अंदाजा बासमती चावल के निर्यात आंकड़ों से लगाया जा सकता है। पीआईबी के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल से सितंबर अवधि में बासमती चावल का निर्यात बढ़कर 1.60 अरब अमेरिकी डॉलर पहुंच गया, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की इसी अवधि में यह 1.28 अरब डॉलर था। इस तरह निर्यात में करीब 25.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। पश्चिम एशिया के ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, यमन और ओमान जैसे देशों में भारतीय सुगंधित चावल की मांग बढ़ी है। अमेरिका के बाजार में भी निर्यात में इजाफा हुआ है। निर्यात के इन बढ़ते अवसरों से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक सुगंधित किस्मों के लिए भी संभावनाएं बन रही हैं।
छत्तीसगढ़ की खुशबूदार धान किस्मों की खासियत
बादशाह भोग : इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित इस किस्म के चावल में सौम्य सुगंध होती है। छोटे दाने और पकने के बाद मिलने वाला विशिष्ट स्वाद इसे खास बनाता है। पारंपरिक आयोजनों और विशेष व्यंजनों में इसकी मांग रहती है।
विष्णुभोग : स्वाद और सुगंध के लिए पहचानी जाने वाली इस किस्म की खेती छत्तीसगढ़ के मैदानी क्षेत्रों में होती है। विवाह, पर्व और त्योहार जैसे अवसरों पर इसके चावल की विशेष मांग रहती है।
नगरी दुबराज : छत्तीसगढ़ की पारंपरिक सुगंधित किस्मों में दुबराज का विशेष स्थान है। धमतरी और आसपास के क्षेत्रों में इसकी खेती होती है। नगरी दुबराज को जीआई टैग मिलने से इसकी विशिष्ट भौगोलिक पहचान और बाजार में संभावनाओं को मजबूती मिली है।
छत्तीसगढ़ देवभोग : सुगंध और अपेक्षाकृत बेहतर उत्पादन का मेल इस किस्म की खासियत है। छोटे दाने और आकर्षक खुशबू के कारण यह किसानों के लिए आर्थिक दृष्टि से उपयोगी विकल्प बन रही है।
जीराफूल, जवाफूल, कालीमूंछ : छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी खास खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के लिए पहचाने जाते हैं। इन उत्पादों की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ब्राडिंग करने से किसानों को उचित बाजार मूल्य मिलने की संभावना है।
कृषि उत्पादों का निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही है। छत्तीसगढ़ शासन की निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के कुल निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ऐसे में स्पेन के बार्सिलोना में हुई यह व्यावसायिक चर्चा छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोडऩे की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। यदि इस दिशा में आगे ठोस सहयोग और विपणन व्यवस्था विकसित होती है, तो प्रदेश के पारंपरिक चावल सहित अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को विदेशी बाजारों में नई पहचान मिल सकती है।
कम उत्पादन, लेकिन कीमत में दम
कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार सुगंधित धान की कई पारंपरिक किस्मों के पौधों की ऊंचाई सामान्य धान की तुलना में अधिक होती है। इस वजह से इनकी औसत उपज करीब 12 से 15 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक रहती है। उत्पादन कम होने के बावजूद बाजार में बेहतर कीमत मिलने से किसानों को इसकी भरपाई हो सकती है। हालांकि, इसके लिए गुणवत्तापूर्ण बीज, फसल प्रबंधन, प्रसंस्करण और विपणन की बेहतर व्यवस्था जरूरी है। छत्तीसगढ़ के सुगंधित धान में वैश्विक बाजार तक पहुंचने की क्षमता है। जरूरत इस बात की है कि पारंपरिक किस्मों के संरक्षण के साथ इनका उत्पादन बढ़ाया जाए और किसानों को निर्यात बाजार से सीधे जोडऩे की व्यवस्था विकसित हो। इससे प्रदेश की पारंपरिक कृषि विरासत को नई पहचान मिलने के साथ किसानों की आय बढ़ाने का रास्ता भी खुल सकता है।



