छत्तीसगढ़

Bhatapara News: बिना टिकट सफर करने वालों पर रेलवे का शिकंजा : भाटापारा स्टेशन पर पकड़े गए 325 यात्री

करीब 3 लाख का वसूला जुर्माना

भाटापारा/नवप्रदेश। रेलवे में बिना टिकट और अनियमित तरीके से यात्रा करने वालों के खिलाफ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (Bhatapara News) रायपुर मंडल ने सख्ती दिखाई है। भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग और रायपुर स्टेशन पर नाका चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 16 ट्रेनों और दोनों स्टेशनों पर सघन जांच कर कुल 325 मामले पकड़े गए। रेलवे ने इन मामलों में कुल 2 लाख 92 हजार 40 रुपये का राजस्व प्राप्त किया।

16 ट्रेनों और दोनों स्टेशनों पर चला सघन जांच अभियान

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव (Bhatapara News) के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान भाटापारा और रायपुर स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म सहित 16 ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई। टिकट नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के साथ यात्रियों को वैध टिकट लेकर सफर करने के प्रति जागरूक करना था।

बिना टिकट यात्रा करने वाले 207 यात्री पकड़े गए

जांच अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करते हुए 207 यात्री पकड़े गए। इन यात्रियों से रेलवे ने 2 लाख 14 हजार 635 रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं, अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले 102 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनसे 74 हजार 800 रुपये वसूले गए। इसके अलावा निर्धारित सीमा से अधिक लगेज लेकर यात्रा करने वाले 15 यात्रियों से 2 हजार 170 रुपये तथा अन्य एक मामले में 435 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इस तरह अभियान के दौरान कुल 325 मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे को 2 लाख 92 हजार 40 रुपये की आय हुई।

325 मामले सामने आने से टिकट नियमों पर सवाल

दो स्टेशनों और 16 ट्रेनों में जांच के दौरान 325 मामले सामने आने से टिकट नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। रेलवे की नियमित जांच के बावजूद बिना टिकट और अनियमित यात्रा के मामले सामने आना यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत को दर्शाता है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि ऐसे अभियान यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित करने और रेल नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे हैं।

20 टिकट चेकिंग कर्मचारियों ने संभाली जिम्मेदारी

इस अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक-1 (कोचिंग) राजेश कुमार साह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक टिकट चेकिंग और 20 टिकट चेकिंग कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने स्टेशनों और ट्रेनों में जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई की।

रेलवे ने यात्रियों से की नियमों के पालन की अपील

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले उचित टिकट खरीदें और स्टेशन परिसर में प्रवेश करने से पहले प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य लें। यात्रियों को निर्धारित श्रेणी के कोच में ही सफर करने, अधिक लगेज होने पर नियमानुसार बुकिंग कराने और रेल परिसर व ट्रेनों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की सलाह दी गई है। रेलवे के वाणिज्य विभाग द्वारा ऐसे टिकट जांच अभियान समय-समय पर जारी रखने की बात कही गई है।

Related Articles

Back to top button