Gariaband Child Protection: बाल विवाह मुक्त गरियाबंद की दिशा में पहल, जिला स्तरीय कार्यशाला में जागरूकता और जनभागीदारी पर दिया जोर

गरियाबंद/नवप्रदेश। जिले में बाल विवाह (Gariaband Child Protection) जैसी सामाजिक कुरीति पर प्रभावी रोक लगाने और समाज के प्रत्येक वर्ग को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 27 नवंबर को जिला पंचायत गरियाबंद के सभाकक्ष में जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यशाला में बाल विवाह उन्मूलन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, गायत्री परिवार के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के संचालक एवं कार्यकर्ता, मैदानी कार्यकर्ता, बाल कल्याण समिति और किशोर न्याय बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान बाल विवाह की रोकथाम, इसके दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा एवं परिचर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके बेहतर भविष्य को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्या है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इस कुरीति को समाप्त करने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी आवश्यक है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला बाल संरक्षण अधिकारी अनिल द्विवेदी ने बाल विवाह (Gariaband Child Protection) प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि विवाह के लिए बालिका की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और बालक की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित आयु से कम उम्र में विवाह करना या करवाना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर दो वर्ष तक के कठोर कारावास अथवा एक लाख रुपये तक के जुर्माने या दोनों से दंडित किए जाने का प्रावधान है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाले बाल विवाह पर नजर रखें और ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को तत्काल दें।
कार्यशाला में बाल विवाह की रोकथाम के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आने का आह्वान किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं अन्य प्रतिभागियों को बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं बाल विवाह नहीं करेंगे और न ही अपने आसपास किसी को बाल विवाह करने देंगे। साथ ही परिवारों और समाज में जागरूकता फैलाकर बच्चों को शिक्षा एवं सुरक्षित भविष्य के लिए प्रोत्साहित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान शपथ ग्रहण और टेलीकास्टिंग प्रसारण सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
कार्यशाला में विवाह से पूर्व वर-वधू की आयु का आधार कार्ड अथवा अन्य वैध दस्तावेजों के माध्यम से सत्यापन करने पर विशेष जोर दिया गया। लोगों से अपील की गई कि निर्धारित आयु पूर्ण होने के बाद ही विवाह संपन्न कराने में सहयोग करें। विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मैदानी अमले को बाल विवाह के प्रति जागरूकता फैलाने तथा ऐसी घटनाओं को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही गई।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में कहीं भी बाल विवाह होने की आशंका या सूचना मिलने पर तत्काल बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी (CMPO), महिला हेल्पलाइन नंबर 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, ERSS 112 अथवा पुलिस के डायल 100 पर सूचना दी जा सकती है। समय पर सूचना मिलने से बाल विवाह रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश, जिला बाल संरक्षण अधिकारी अनिल द्विवेदी, जिला मिशन समन्वयक मनीषा वर्मा, परियोजना अधिकारी छुरा चंदूलाल साहू, परियोजना अधिकारी गरियाबंद ऋषि बंजारे, संरक्षण अधिकारी नवा बिहान लता पटेल, केंद्र प्रशासक सखी सेंटर रेवती यादव उपस्थित रहे। इसके अलावा बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अभिमन्यु ध्रुव, सदस्य ताकेश्वरी साहू, प्रीति मिश्रा एवं घनश्याम साहू, जिला पंचायत सभापति बबीता सेन एवं मिलेश्वरी साहू तथा किशोर न्याय बोर्ड की सामाजिक कार्यकर्ता पूर्णिमा तिवारी, केमेश्वरी साहू सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



