छत्तीसगढ़

Bilaspur High Court news: हाईकोर्ट ने पूछा- बेमेतरा में कब तक शुरू होगी खुली जेल

जनहित याचिका: सुनवाई के दौरान जताई नाराजगी, जेल डीजी को शपथ पत्र देने के निर्देश

बिलासपुर/नवप्रदेश। बेमेतरा जिले के पथर्रा गांव में खुली जेल का निर्माण पूरा होने और सुरक्षा व्यवस्था किए जाने के बावजूद अब तक इसका संचालन शुरू नहीं हो सका है। इस पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने नाराजगी जताते हुए जेल महानिदेशक (डीजी) को दो सप्ताह के भीतर शपथ पत्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट रूप से पूछा है कि खुली जेल कब तक शुरू होगी। मामले की अगली सुनवाई 4 जनवरी 2027 को निर्धारित की गई है। चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच में जनहित याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से खुली जेल की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी गई। सरकार ने बताया कि बेमेतरा के पथर्रा गांव में खुली जेल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसे जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, इसके संचालन की निश्चित तारीख अब तक तय नहीं की गई है। सुनवाई के दौरान बताया गया कि खुली जेल की बाहरी सुरक्षा के लिए छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 15वीं बटालियन की डी कंपनी को अस्थायी रूप से तैनात किया गया है।

सुरक्षा में लगाए गए जवानों के रहने की व्यवस्था भी पूरी कर ली गई है। इसके बावजूद जेल का संचालन शुरू नहीं होने पर कोर्ट ने स्थिति स्पष्ट करने को कहा। सरकार की ओर से बताया गया कि प्रदेश की अलग-अलग जेलों में बंद 18 कैदियों को पथर्रा की खुली जेल में स्थानांतरित करने के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। हालांकि, जेल के नियमित संचालन के लिए आवश्यक अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति अभी बाकी है। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से भी कोर्ट को बताया गया कि बाहरी सुरक्षा की अस्थायी व्यवस्था कर दी गई है, लेकिन जेल शुरू होने की तारीख स्पष्ट नहीं है। कर्मचारियों की नियुक्ति भी नहीं हो पाई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए हाईकोर्ट ने जेल डीजी को दो सप्ताह में शपथ पत्र देकर संचालन शुरू करने की समयसीमा बताने का निर्देश दिया है। अब 4 जनवरी 2027 को होने वाली अगली सुनवाई में इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

सहकारी बैंक अध्यक्ष के कामकाज पर रोक

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, सरगुजा के अध्यक्ष रामकिशुन सिंह के कामकाज पर अंतरिम रोक लगा दी है। कोर्ट ने अध्यक्ष की नियुक्ति से जुड़े 15 दिसंबर 2025 के आदेश के प्रभाव एवं संचालन को अगली सुनवाई तक स्थगित कर दिया है। मामले की अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद निर्धारित की गई है। मामले में याचिकाकर्ता दुर्गा चरण सिंह की ओर से अधिवक्ता भास्कर प्यासी ने 26 नवंबर को अदालत के समक्ष पक्ष रखते हुए अध्यक्ष की नियुक्ति को अवैधानिक बताया। याचिका में नियुक्ति की वैधता पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि नवनियुक्त अध्यक्ष ने बैंक से लिया गया कर्ज नहीं चुकाया है। ऐसे में उनकी नियुक्ति नियमों के अनुरूप नहीं है। याचिकाकर्ता की ओर से इस आधार पर नियुक्ति को चुनौती दी गई है। मामले के तथ्यों और परिस्थितियों पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने अंतरिम राहत प्रदान करते हुए 15 दिसंबर 2025 के विवादित आदेश के प्रभाव एवं संचालन पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी। कोर्ट के इस आदेश के बाद फिलहाल अध्यक्ष की नियुक्ति से संबंधित आदेश प्रभावी नहीं रहेगा। हालांकि, यह अंतरिम व्यवस्था है और मामले में अंतिम निर्णय आना बाकी है। हाईकोर्ट ने मामले में शासन, संबंधित बैंक अध्यक्ष सहित सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रकरण को चार सप्ताह बाद सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का आदेश दिया है। अब आगामी सुनवाई में प्रतिवादियों का पक्ष सामने आने के बाद नियुक्ति की वैधता से जुड़े मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया तय होगी। अंतिम सुनवाई में अदालत याचिकाकर्ता और प्रतिवादियों की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले तर्कों एवं दस्तावेजों के आधार पर मामले का परीक्षण करेगी। फिलहाल हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश से अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। चार सप्ताह बाद होने वाली सुनवाई पर बैंक और संबंधित पक्षों की नजर रहेगी।

Related Articles

Back to top button